लखनऊ में 243 जब्त पशुओं की होगी नीलामी, मालिक नहीं ले सकेंगे हिस्सा

लखनऊ: पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नगर निगम द्वारा जब्त किए गए 243 पशुओं की अब नीलामी होगी। इनमें 242 भैंस और एक भैंसा शामिल है। नगर निगम की ओर से 24 अगस्त को दोपहर 2 बजे नीलामी की बोली खोली जाएगी।
नीलामी में शामिल होने वाले इच्छुक बोलीदाताओं को 1,02,100 रुपये की धरोहर राशि नकद जमा करनी होगी। एक भैंस की न्यूनतम बोली 20,500 रुपये तय की गई है। नीलामी में सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति के पक्ष में पशु दिए जाएंगे।
नीलामी पूरी होने के बाद सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को छोड़कर बाकी बोलीदाताओं की धरोहर राशि वापस कर दी जाएगी।
सबसे अधिक बोली लगाने वाले की जमा राशि नीलामी प्रक्रिया पूरी होने तक नगर निगम के पास रहेगी। यदि वह निर्धारित समय में नीलामी की पूरी रकम जमा नहीं करता है, तो उसकी धरोहर राशि जब्त कर ली जाएगी।
जिनके पशु जब्त हुए, वे नहीं ले सकेंगे हिस्सा
नगर निगम ने नीलामी में शामिल होने वालों के लिए एक अहम शर्त रखी है। जिन पशुपालकों के मवेशी कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए हैं, वे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नीलामी में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
नगर निगम का मकसद यह है कि कार्रवाई में जब्त किए गए पशु दोबारा उन्हीं लोगों के पास न पहुंचें और अवैध डेयरियों का संचालन फिर से शुरू न हो।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के मुताबिक, अभियान के दौरान पकड़े गए अपदूषण कारक पशुओं को शहर के अलग-अलग कांजी हाउस और गौशालाओं में रखा गया है। मेयर और नगर आयुक्त के निर्देश पर अब इन पशुओं की नीलामी की जा रही है। 24 अगस्त को दोपहर 2 बजे नीलामी शुरू होगी।
नीलामी से पहले पशुओं को देख सकेंगे बोलीदाता
इच्छुक बोलीदाता नीलामी से पहले संबंधित कांजी हाउस और गौशालाओं में जाकर पशुओं को देख सकेंगे। नीलामी की विस्तृत नियम और शर्तों की जानकारी नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी के कार्यालय से कार्य दिवस के दौरान प्राप्त की जा सकती है। नगर आयुक्त को बिना कारण बताए नीलामी रद्द करने का अधिकार भी दिया गया है।
कान्हा उपवन में सबसे ज्यादा पशु
नगर निगम की ओर से जब्त पशुओं को अलग-अलग कांजी हाउस और गौशालाओं में रखा गया है। सबसे ज्यादा पशु कान्हा उपवन गौशाला में हैं।
- पीजीआई कांजी हाउस: 31 भैंस
- कान्हा उपवन गौशाला: 71 भैंस और 1 भैंसा
- राधा उपवन गौशाला: 46 भैंस
- ऐशबाग कांजी हाउस: 20 भैंस और 1 पड़िया
- ठाकुरगंज कांजी हाउस: 40 भैंस
- आलमबाग कांजी हाउस: 33 भैंस
