रक्षा मंत्रालय की अधिकारी की संदिग्ध मौत, पति और ससुराल वालों पर FIR

crime
शकील अहमद सैफी
शकील अहमद सैफी

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के द्वारका स्थित भरथल गांव में रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी (ASO) के पद पर तैनात 30 वर्षीय नाजिया खानम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। द्वारका जिला पुलिस ने महिला के पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 108 के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को शाम 4:21 बजे PCR को भरथल गांव में एक महिला के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सेक्टर-23 द्वारका थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डीडीयू अस्पताल के शवगृह भेज दिया।

21 अगस्त को मिली आत्महत्या की सूचना

पुलिस के मुताबिक, PCR कॉल में महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी दी गई थी। मृतका की पहचान नाजिया खानम के रूप में हुई। वह रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं।

शादी को अभी कुछ महीने ही हुए थे, इसलिए पुलिस ने मामले की सूचना संबंधित SDM को भी दी। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

11 अप्रैल को हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार, नाजिया खानम की शादी इसी साल 11 अप्रैल को मो. आजम अली खान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी।

मामले की जांच के दौरान SDM के समक्ष मृतका के परिजनों के बयान भी लिए गए। 21 अगस्त को हुई शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने किसी तरह का संदेह या आरोप दर्ज नहीं कराया था।

अगले दिन परिवार ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

मामले में 22 अगस्त को नया मोड़ आया। मृतका के परिजन दोबारा SDM के सामने पेश हुए और पति तथा ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ शिकायत दी।

परिवार की शिकायत में प्रताड़ना समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 22 अगस्त को सेक्टर-23 द्वारका थाने में मामला दर्ज किया।

पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।