योगी बोले, सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिर करना चाहती हैं कुछ ताकतें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जोरदार सराहना की है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी आर्थिक शक्ति का एक नया अध्याय लिखा है। इसी के साथ उन्होंने बिना नाम लिए विपक्षी ताकतों पर देश को अस्थिर करने का षड्यंत्र रचने का गंभीर आरोप भी लगाया।
नीति-निर्माण के केंद्र में आम जनता: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि भारत आज विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है। देश लगातार आत्मनिर्भरता, नवाचार और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। ‘नए भारत’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज नीति-निर्माण के केंद्र में आम जनता है और गरीब कल्याण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बन गया है।
योगी के मुताबिक, आस्था, अस्मिता और आत्मविश्वास से भरे इस ‘नए भारत’ में नारी सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और डिजिटल नवाचार की संभावनाएं तेजी से साकार हो रही हैं। जनभागीदारी के दम पर विकास अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है।
विपक्षी ताकतों पर अलगाववाद का षड्यंत्र रचने का आरोप
मुख्यमंत्री ने वैश्विक अस्थिरता और हिंसा का हवाला देते हुए भारत की लोकतांत्रिक स्थिरता की तारीफ की। इसी संदर्भ में उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए लिखा, “ऐसे समय में संकीर्ण मानसिकता वाली कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की भट्टी में झोंकने का षड्यंत्र रच रही हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ये ताकतें राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर वैश्विक मंचों पर भारत की छवि को धूमिल करने की लगातार कोशिश कर रही हैं।
‘विकसित भारत’ में उत्तर प्रदेश की भूमिका
इन तमाम चुनौतियों के बावजूद, सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि भारत विकास के अपने लक्ष्य के प्रति अडिग है। उन्होंने इस राष्ट्रीय यात्रा में उत्तर प्रदेश के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य अपनी विशाल कृषि क्षमता, औद्योगिक आधार और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के दम पर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अपने पोस्ट के अंत में मुख्यमंत्री ने ‘डबल इंजन सरकार’ का संकल्प दोहराते हुए कहा कि उनका संकल्प अटल है— राष्ट्रहित सर्वोपरि, राष्ट्रीय एकता अक्षुण्ण और विकास की गति अविराम।

