नोएडा में शाह-योगी ने किया ट्रेड शो का उद्घाटन, निवेश पर कही बड़ी बात

yogi
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP ITS 2026) के चौथे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से इस ट्रेड शो का उद्घाटन किया। इस मौके पर दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश की तेजी से बदलती औद्योगिक क्षमता, निर्यात संभावनाओं और राज्य में बने सुरक्षित कारोबारी माहौल पर विस्तार से चर्चा की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की मजबूत कानून-व्यवस्था को बड़े निवेश का आधार बताया, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नया उत्तर प्रदेश अब वैश्विक व्यापार और अंतरराष्ट्रीय निवेश का बड़ा केंद्र बनकर उभर चुका है।

‘माफिया राज खत्म होने से बना निवेश का माहौल’: अमित शाह

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2017 से पहले और बाद के उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का तुलनात्मक उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “एक दौर था जब उत्तर प्रदेश में माफियाओं का शासन चलता था। 2017 में भाजपा की सरकार बनने और योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद यूपी में माफियाओं को समाप्त करने का काम किया गया। इसी कारण आज प्रदेश में सुरक्षित निवेश का माहौल तैयार हुआ है।”

अमित शाह ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए चार प्रमुख शर्तें आवश्यक होती हैं—बेहतर कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीतियां, सक्रिय सरकार और उद्योगों को सहयोग देने का उत्साह। उन्होंने कहा कि आज के उत्तर प्रदेश में यह चारों स्थितियां पूरी तरह मौजूद हैं।

वैश्विक निर्यात का मुख्य प्रवेश द्वार बना नया यूपी: CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के कई प्रमुख देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं। उन्होंने कहा, “इन समझौतों का सीधा लाभ उठाते हुए उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को भारत में कारोबार स्थापित करने और दुनिया भर में निर्यात करने का एक मजबूत प्रवेश द्वार उपलब्ध करा रहा है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेड शो में बड़ी संख्या में पहुंचे अंतरराष्ट्रीय खरीदार (International Buyers) इस बात का प्रमाण हैं कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों की गुणवत्ता, आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) और स्थानीय उद्यमियों की विश्वसनीयता पर दुनिया का भरोसा बढ़ा है।

जापान, रूस और वियतनाम बने पार्टनर कंट्री

अंतरराष्ट्रीय भागीदारी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री के रूप में ट्रेड शो में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन देशों के विशेष पवेलियन द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती दे रहे हैं और यह आयोजन रणनीतिक साझेदारी, तकनीक के हस्तांतरण तथा संयुक्त निवेश की ठोस नींव रखने का मंच बन गया है।

सीएम योगी ने कहा कि एक्सपो में उमड़ रही भीड़ केवल आयोजन की सफलता नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के कारीगरों, शिल्पकारों, युवाओं के नवाचार, MSME सेक्टर और किसानों की मेहनत पर वैश्विक विश्वास का सम्मान है।

ODOP और MSME उत्पादों की धूम

ट्रेड शो में प्रदर्शित उत्पादों की विस्तृत जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू किया गया यह मंच स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बना है। प्रदर्शनी में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) उत्पादों के साथ-साथ ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) और ‘एक जिला एक व्यंजन’ (One District One Cuisine) जैसी पहलों के तहत प्रदर्शित सामग्री आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।