मुंबई में अभिनेता रोहुल्लाह मेहदी गिरफ्तार, 28 ग्राम MD ड्रग्स बरामद

मुंबई: मुंबई के मीरा रोड इलाके में NDPS मामले में अभिनेता और मॉडल रोहुल्लाह मेहदी डार उर्फ रोहू को गिरफ्तार किया गया है। काशीमीरा पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 28 ग्राम MD ड्रग्स बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। मामले में कुल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस की ओर से दर्ज FIR 437/2026 में रोहुल्लाह मेहदी का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर दर्ज है। काशीमीरा पुलिस स्टेशन की अपराध शाखा के अधिकारी संजय लोखंडे के मुताबिक, पुलिस को सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए MD ड्रग्स की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने फर्जी ग्राहक के जरिए आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई शुरू की।
फर्जी ग्राहक के जरिए पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस की कार्रवाई के तहत 28 ग्राम MD ड्रग्स की डिलीवरी के लिए कासिफ नाम के एक व्यक्ति को दहिसर चेक नाका इलाके में ठाकुर मॉल के पास बुलाया गया। पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान कासिफ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई की। इसके बाद काशीमीरा पुलिस ने मलाड के एक स्टूडियो के बाहर से रोहुल्लाह मेहदी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय वह शूटिंग कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि ड्रग्स की बिक्री के लिए Snapchat, WhatsApp और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा था। सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है।
जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है अभिनेता
रोहुल्लाह मेहदी मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले का रहने वाला है और मुंबई के गोरेगांव इलाके में रह रहा था।
वह अभिनेता और मॉडल के तौर पर काम कर चुका है। रोहुल्लाह मेहदी ने शाहिद कपूर के साथ फिल्म ‘देवा’ में काम किया है। इसके अलावा वह कुछ वेब सीरीज में भी नजर आ चुका है।
पुलिस हिरासत में भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद रोहुल्लाह मेहदी को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अब ड्रग्स सप्लाई की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने किन लोगों तक ड्रग्स पहुंचाई और इस मामले में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर सकती है, लेकिन अभी किसी दूसरे कलाकार या फिल्मी हस्ती के इस मामले में शामिल होने की पुष्टि सामने नहीं आई है।
