यूपी चुनाव में नया मोर्चा बनाने की तैयारी, 40-45 सीटों पर AIMIM की नजर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) से पहले राज्य की राजनीति में एक नया और बड़ा समीकरण आकार ले रहा है। खबर है कि आजाद समाज पार्टी (ASP) के मुखिया चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) और असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के बीच गठबंधन होने जा रहा है।
इस गठबंधन को यूपी में एक मजबूत ‘तीसरे मोर्चे’ (Third Front) के रूप में देखा जा रहा है, जिसका औपचारिक ऐलान गुरुवार को किया जाएगा।
लखनऊ में आज होगा औपचारिक ऐलान
गुरुवार दोपहर 12 बजे लखनऊ (Lucknow) के दयाल पैराडाइज होटल में एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आसपा अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस (Joint Press Conference) करेंगे। इस दौरान दोनों नेता गठबंधन की औपचारिक घोषणा करने के साथ-साथ इस नए मोर्चे के नाम का भी ऐलान करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों दल मिलकर यूपी की करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
-
सीटों का फॉर्मूला: AIMIM यूपी की 40-45 मुस्लिम बहुल सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार सकती है, जबकि बाकी बची सीटों पर आजाद समाज पार्टी चुनाव लड़ेगी।
40 फीसदी दलित-मुस्लिम आबादी पर नजर
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच हो रहे इस गठबंधन को प्रदेश की 40 प्रतिशत दलित और मुस्लिम आबादी को एक मंच पर लाने की बड़ी कवायद माना जा रहा है।
क्या है यूपी का सियासी गणित?
-
यूपी में करीब 21 फीसदी दलित (Dalit) और 19 फीसदी मुस्लिम (Muslim) आबादी है।
-
दोनों के साथ आने पर यह गठबंधन राज्य की 40 फीसदी आबादी को कवर करता है।
-
राज्य में करीब 41 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां दलित और मुस्लिम वोटरों की कुल संख्या 50 फीसदी से भी ज्यादा है।
बहुजन समाज पार्टी (BSP) के लगातार कमजोर होने के बाद बड़ी संख्या में दलित वोटरों ने युवा नेता चंद्रशेखर आजाद की ओर रुख किया है। ऐसे में सामाजिक समीकरणों के लिहाज से यह गठबंधन जमीन पर काफी मजबूत और निर्णायक साबित हो सकता है।
सपा-कांग्रेस या BJP: किसे होगा सबसे ज्यादा नुकसान?
इस तीसरे मोर्चे के तैयार होने से प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इस गठबंधन से बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA को नुकसान होगा या सपा-कांग्रेस (SP-Congress) के ‘इंडिया’ गठबंधन को?
सियासी जानकारों की मानें तो ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का यह गठबंधन सीधे तौर पर अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के ‘PDA’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले में सेंध लगाएगा। मुस्लिम और दलित वोटों के बंटवारे से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को सबसे बड़ा और तगड़ा झटका लगने की संभावना है, जिसका परोक्ष रूप से फायदा बीजेपी को मिल सकता है।

