बालमुकुंद ने नसीरुद्दीन शाह को बताया ‘भांड’, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

bjp mla
दीपक श्रीवास्तव

फिल्म अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के बयान पर राजस्थान में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जयपुर की हवामहल सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक आचार्य बालमुकुंद ने शाह के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें ‘भांड’ करार दिया है। बीजेपी विधायक ने जनता से ऐसे अभिनेताओं की फिल्मों और विज्ञापनों का पूर्ण बहिष्कार करने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और गांधी परिवार पर भी तीखा हमला बोला है।

फिल्मों और विज्ञापनों के बहिष्कार की अपील

बालमुकुंद आचार्य ने अभिनेता पर देश में अराजकता फैलाने और लोगों को उकसाने का आरोप लगाया। अपने कड़े तेवर दिखाते हुए उन्होंने कहा, “देश में कुछ इस प्रकार के भांड हैं, जिन भांडों से देश को खतरा है और मैं आज से इनका बहिष्कार करता हूं।” विधायक ने जनता से अपील करते हुए कहा कि ऐसे फिल्म एक्टर्स की किसी भी फिल्म, विज्ञापन या उनके द्वारा बेचे जाने वाले सामान का पूरी तरह बहिष्कार किया जाना चाहिए, जो कथित तौर पर देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े हैं।

बैलेट पेपर की मांग और चुनाव आयोग का बचाव

चुनाव प्रक्रिया और बैलेट पेपर को लेकर उठ रहे सवालों पर भी बालमुकुंद ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्ष को नकार (डिलीट कर) दिया है और अब उन्हें वोट नहीं मिलने वाले।

संवैधानिक संस्थाओं के बचाव में उन्होंने कहा कि संविधान की पुस्तक में विधि-विधान और नियम-कायदे तय हैं, जिन्हें विपक्ष चुनौती दे रहा है। चुनाव आयोग पर लग रहे आरोपों का जवाब देते हुए आचार्य ने याद दिलाया कि इसी चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया के तहत विपक्ष ने भी कई बार अलग-अलग जगहों पर जीत दर्ज की है।

गांधी परिवार को दी आत्ममंथन की नसीहत

नसीरुद्दीन शाह के साथ-साथ बीजेपी विधायक के निशाने पर कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी रहा। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और रॉबर्ट वाड्रा का नाम लेते हुए उन्होंने कांग्रेस को महज चार लोगों की परिवारवादी पार्टी बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार पर होने वाली राजनीतिक टिप्पणियों का जिक्र करते हुए बालमुकुंद ने कहा कि पीएम के पिताजी को गाली देने के बजाय कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की माता जी ने मजदूरी करके अपना परिवार चलाया है।

‘हार से बौखलाया विपक्ष’

चुनाव आयुक्त और वोट चोरी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को बालमुकुंद ने सिरे से खारिज कर दिया। उनका दावा है कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और नेताओं की यह सारी बयानबाजी सिर्फ चुनावी हार की बौखलाहट का नतीजा है।