लालू के पुराने केस में नया मोड़, कोर्ट में पेशी के बाद अगली सुनवाई का इंतजार

lalu
आलोक सिंह
आलोक सिंह

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) को शुक्रवार (06 नवंबर, 2026) को सीवान की एक अदालत से बड़ी राहत मिली है। 2011 के एक आचार संहिता उल्लंघन के मामले में एसीजेएम-1 (ACJM-1) की अदालत में पेश होने पर न्यायाधीश अरविंद कुमार सिंह ने उन्हें जमानत दे दी है।

क्या था पूरा मामला?

यह मामला साल 2011 के विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। उस समय लालू प्रसाद यादव अपनी पार्टी के प्रत्याशी परमेश्वर सिंह के लिए चुनाव प्रचार करने सीवान गए थे। आरोप है कि लालू यादव सभा स्थल पर काफी देरी से पहुंचे थे और निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद उन्होंने भाषण देना जारी रखा था।

समय सीमा के बाद सभा करने और लाउडस्पीकर का उपयोग करने पर तत्कालीन अंचलाधिकारी ने डोरंडा थाने में आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में आरजेडी प्रत्याशी परमेश्वर सिंह और लालू यादव दोनों को आरोपी बनाया गया था। गौरतलब है कि मामले के दूसरे आरोपी और तत्कालीन प्रत्याशी परमेश्वर सिंह का अब निधन हो चुका है। इस केस के मुख्य गवाह डोरंडा के तत्कालीन थानाध्यक्ष हैं।

गैर-जमानती वारंट और कुर्की-जब्ती तक पहुंच गया था मामला

लालू यादव के वकील ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अदालत द्वारा लालू यादव को कई बार पेशी का नोटिस भेजा गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हो सके थे। लगातार अनुपस्थित रहने के कारण अदालत ने पहले उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) और बाद में कुर्की-जब्ती तक का आदेश जारी कर दिया था।

वकील ने बताया, “हमने अदालत में याचिका दायर कर यह जानकारी दी थी कि लालू यादव पूर्व मुख्यमंत्री और रेल मंत्री रह चुके हैं और उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता है, जिसके कारण वह पेश होने में असमर्थ रहे हैं। हमने अदालत से एक बार मोहलत मांगी थी, जिसके बाद उन्हें शुक्रवार (आज) का समय दिया गया था।”

जमानत के बाद हिना शहाब और अवध बिहारी से की मुलाकात

शुक्रवार को जैसे ही लालू यादव सीवान कोर्ट पहुंचे, वहां उनके समर्थकों और आरजेडी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अदालत से जमानत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, लालू यादव सीधे बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के आवास पर गए, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं और कुछ स्थानीय लोगों से मुलाकात की। वहां करीब एक घंटे का समय बिताने के बाद लालू यादव दिवंगत पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब से मिलने उनके आवास पर भी पहुंचे।