कश्मीर-उत्तराखंड में पहली बर्फबारी, दिल्ली-यूपी में भारी बारिश का अलर्ट

snow
शकील अहमद सैफी
शकील अहमद सैफी

उत्तर भारत के मौसम ने अचानक करवट ली है। पहाड़ों पर जहां सर्दियों ने समय से पहले दस्तक दे दी है, वहीं मैदानी इलाकों में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली है, जबकि दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

कश्मीर घाटी में गिरा तापमान, पहाड़ों पर बर्फ

कश्मीर के गुलमर्ग, सोनमर्ग और गुमरी जैसे ऊंचाई वाले पर्यटक इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। श्रीनगर और उसके आसपास के जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने से दिन के तापमान में कई डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को घाटी में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इसके बाद आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड: 8 जिलों में ‘येलो अलर्ट’, नदियां उफान पर

उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, चिनाप घाटी और वैली ऑफ फ्लावर्स के आसपास हुई बर्फबारी से नीति-माना घाटी में ठंड बढ़ गई है।

  • खतरे के निशान के करीब नदियां: लगातार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां चेतावनी स्तर के करीब बह रही हैं।

  • अलर्ट: मौसम विभाग ने देहरादून समेत राज्य के 8 जिलों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

दिल्ली, यूपी, बिहार और एमपी में मॉनसून फिर मेहरबान

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के तेज होने से मैदानी राज्यों में भी मौसम सुहावना हो गया है। IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। रविवार (6 सितंबर) को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हो रही बूंदाबांदी से उमस से काफी राहत मिली है और मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही खुशनुमा बना रहेगा।