दिल्ली-NCR में जलभराव, यूपी-MP समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली-NCR से लेकर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और केरल तक मॉनसून फिर सक्रिय नजर आ रहा है। कई राज्यों में सोमवार को बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने 25 अगस्त को भी कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, केरल समेत कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-NCR में सुबह से हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या सामने आई है। गुरुग्राम में भारी बारिश और जलभराव के मद्देनजर वर्क फ्रॉम होम और स्कूलों की ऑनलाइन क्लासेस को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। बारिश का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है और एक दर्जन से ज्यादा उड़ानें प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
यूपी में 27 अगस्त तक बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में भी 25 अगस्त को बारिश का असर देखने को मिल सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य में 27 अगस्त तक कई इलाकों में व्यापक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है।
बिहार में भी भारी बारिश के आसार
बिहार में 25 और 26 अगस्त को कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान राज्य में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
राजस्थान में पूर्वी हिस्सों में बढ़ेगी बारिश
राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में 24 से 26 अगस्त के बीच बारिश बढ़ सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी होने की संभावना है।
उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके विपरीत पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह मॉनसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है।
सीमावर्ती इलाकों में इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
MP में गरज-चमक के साथ बहुत भारी बारिश
मध्य प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम खराब रहने का अनुमान है। कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने, भारी से बहुत भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
डिंडोरी, बालाघाट, नर्मदापुरम, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, दमोह और सागर में अलग-अलग दिनों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में बिजली गिरने और गरज-चमक को लेकर भी चेतावनी है।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के अधिकांश जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
ओणम के बीच केरल में बारिश का अलर्ट
केरल में ओणम का त्योहार चल रहा है और इसी दौरान बारिश का दौर परेशानी बढ़ा सकता है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना है।
25 अगस्त को पहला ओणम और 26 अगस्त को थिरुवोणम मनाया जाएगा। मौसम विभाग ने 25 अगस्त को केरल के तीन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में भी बारिश का अनुमान
बहुत भारी बारिश: छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश
भारी बारिश: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी
हल्की से मध्यम बारिश: उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर के राज्य
