तिलक नगर में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, बवाल तय

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार में कैबिनेट और लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा विवादों में घिर गए हैं। रविवार (27 सितंबर) को तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक युवक को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वीडियो रिपोस्ट करते हुए मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की है।
केजरीवाल ने की गिरफ्तारी की मांग, आज जाएंगे मौके पर
घटना का वीडियो सामने आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने सख्त नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने एक AAP नेता की ओर से शेयर किए गए वीडियो को रिपोस्ट करते हुए लिखा, “मंत्री को गिरफ्तार करो। मैं कल (सोमवार) यहां जाऊंगा।”
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, PWD मंत्री प्रवेश वर्मा रविवार को पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक नवनिर्मित सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोगों और AAP विधायक ने मंत्री के सामने ही हाथ से सड़क को तोड़कर दिखाया और निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया।
इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि यह देखकर मंत्री प्रवेश वर्मा अपना आपा खो बैठे और उन्होंने गुस्से में आकर वीडियो बना रहे युवक को जोरदार थप्पड़ मार दिया।
AAP नेताओं ने खोला मोर्चा, बताया ‘कायरपन’
इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने दिल्ली सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। AAP के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने मंत्री के बर्ताव की कड़ी निंदा की।
भारद्वाज ने कहा, “इस घटना से प्रवेश वर्मा ने अपना कायरपन और घटियापन पूरी दुनिया को बता दिया है। उनके विभाग द्वारा तिलक नगर में घटिया किस्म की सड़क बनाई गई है। जब मंत्री खुद वहां आए, तो उन्होंने हमारे विधायक से कहा कि आप इसे हाथ से तोड़कर दिखाएं। जब विधायक और लोगों ने सड़क को हाथ से तोड़कर दिखा दिया, तो मंत्री के पास कोई जवाब नहीं बचा और उन्होंने वीडियो बना रहे लड़के को थप्पड़ मार दिया।”
‘घोटाला उजागर होने पर आपा खो बैठे मंत्री’
तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने भी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, “यह भारत की राजधानी दिल्ली की भाजपा सरकार के PWD मिनिस्टर हैं। सड़क का निरीक्षण करने आए थे, लेकिन घोटाले ही घोटाले उजागर होते देखकर आपा खो बैठे और वीडियो रिकॉर्ड करने वाले मेरे साथी के साथ गुंडागर्दी कर बैठे।”
इस घटना ने दिल्ली की सियासत में एक नया उबाल ला दिया है। सड़क निर्माण में गुणवत्ता के सवाल और मंत्री के बर्ताव को लेकर आम आदमी पार्टी आज (सोमवार) बड़े प्रदर्शन की तैयारी में है। अरविंद केजरीवाल के खुद तिलक नगर जाने के ऐलान से माना जा रहा है कि यह मुद्दा आने वाले दिनों में और गरमा सकता है। फिलहाल, मंत्री प्रवेश वर्मा या सरकार की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

