दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर, कौन-कौन से स्टेशन बंद?

metro
शकील अहमद सैफी
शकील अहमद सैफी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास (Entry & Exit) पर अस्थायी रोक लगा दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस के निर्देशों के बाद यह कदम उठाया गया है। दिल्ली मेट्रो ने स्पष्ट किया है कि इन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

इन प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

डीएमआरसी के अनुसार, नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली को जोड़ने वाले कई व्यस्त स्टेशनों पर सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं। बंद किए गए स्टेशनों की सूची निम्नवत है:

  • जनपथ

  • पटेल चौक

  • केंद्रीय सचिवालय

  • राजीव चौक

  • सेवा तीर्थ

  • मंडी हाउस

  • लोक कल्याण मार्ग

  • आईएनए (INA)

  • चावड़ी बाजार

  • रामकृष्ण आश्रम मार्ग

  • नई दिल्ली

यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा रहेगी जारी

स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद होने के बावजूद दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए इंटरचेंज नेटवर्क को चालू रखा गया है।

दिल्ली मेट्रो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया, “राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा सामान्य रूप से उपलब्ध रहेगी।”

यानी यात्री इन जंक्शन स्टेशनों पर लाइन बदलकर अपनी यात्रा जारी रख सकेंगे, लेकिन उन्हें स्टेशन परिसर से बाहर निकलने या बाहर से स्टेशन के भीतर जाने की अनुमति नहीं होगी। डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी अनुसार बनाएं और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें।