Aurus Senat vs Hongqi N701: कौन सी कार है ज्यादा ताकतवर?

1cdb5f92-8d5f-42bc-af61-1121e8c6f4a1
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में दुनिया भर के शक्तिशाली नेता अपनी अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था के साथ पहुंच रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपने आधिकारिक काफिलों के साथ भारत में हैं। इन दोनों नेताओं के साथ उनके आधिकारिक वाहन—पुतिन की ऑरस सीनेट L-700 (Aurus Senat L-700) और जिनपिंग की होंगकी N-701 (Hongqi N-701)—भी दिल्ली की सड़कों पर उतर चुके हैं। दुनिया की सबसे सुरक्षित कारों में गिनी जाने वाली इन लिमोजिन की खासियतें किसी भी देश के रक्षा तंत्र को हैरान कर सकती हैं।

आइए जानते हैं इन दोनों अभेद्य कारों की ताकत और कीमत के बारे में:

व्लादिमीर पुतिन की ‘ऑरस सीनेट L-700’ (Aurus Senat L-700)

पुतिन की आधिकारिक कार ऑरस सीनेट को ‘पहियों पर चलता-फिरता किला’ या ‘रूसी रोल्स-रॉयस’ भी कहा जाता है। 2018 में इस कार ने मर्सिडीज-बेंज S-600 गार्ड पुलमैन की जगह ली थी।

  • इंजन और स्पीड: इसमें 4.4 लीटर का ट्विन-टर्बो V8 हाइब्रिड इंजन लगा है, जो 598 हॉर्सपावर और 880 NM का टॉर्क जनरेट करता है। इसका वजन करीब 7 टन और लंबाई 7 मीटर है। यह 160 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ सकती है।

  • सुरक्षा फीचर्स: यह कार पूरी तरह से बम और बुलेट प्रूफ है। इसमें मजबूत फ्यूल टैंक, विस्फोट से बचाव के लिए अंडरबॉडी प्रोटेक्शन, रन-फ्लैट टायर और केमिकल अटैक से बचने के लिए ऑक्सीजन व फिल्टरेशन सिस्टम मौजूद है। सबसे खास बात यह है कि पानी में डूबने पर यह कार एक पनडुब्बी की तरह तैर सकती है।

  • इंटीरियर और कीमत: इसके पिछले केबिन में वेंटिलेटेड मसाज सीटें, वर्क टेबल और फ्रिज है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपये है।

शी जिनपिंग की ‘होंगकी N-701’ (Hongqi N-701)

चीनी भाषा में होंगकी का अर्थ ‘लाल झंडा’ होता है। इसे चीन की सरकारी कंपनी फर्स्ट ऑटोमोटिव वर्क्स (FAW) द्वारा खास तौर पर चीनी नेतृत्व के लिए तैयार किया गया है।

  • इंजन और स्पीड: 3 टन वजनी और 5.5 मीटर लंबी इस कार में 6.0-लीटर V12 (कस्टमाइज्ड V8) इंजन है, जो 408 हॉर्सपावर पैदा करता है। यह कार सिर्फ 8-8.5 सेकंड में 0 से 210 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

  • सुरक्षा फीचर्स: इसकी बॉडी पर एंटी-रॉकेट आर्मर प्लेट्स लगी हैं, जो रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) और स्नाइपर हमले झेल सकती हैं। रासायनिक हमलों से बचने के लिए कार में इनबिल्ट एयर कंप्रेशन और इंडिपेंडेंट लाइफ सपोर्ट सिस्टम है। इसके 21 इंच के बुलेट प्रूफ रन-फ्लैट टायर्स फटने के बाद भी तेज रफ्तार में दौड़ सकते हैं।

  • इंटीरियर और कीमत: यह कार आम खरीदारों के लिए उपलब्ध नहीं है। इसके केबिन में लेदर, लकड़ी और जेड (Jade) की बारीक कारीगरी के साथ मसाज सीटें और एलईडी स्क्रीन मौजूद हैं। इसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये (5 मिलियन युआन) आंकी जाती है।