कुर्मी वोटों पर BJP की नजर, सपा सांसद के भतीजे को पार्टी में लाने की तैयारी?

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में विधानसभा चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) को बड़ा झटका लगने के आसार हैं। बस्ती (Basti) से सपा सांसद और पूर्वांचल के बड़े कुर्मी नेता राम प्रसाद चौधरी (Ram Prasad Chaudhary) के भतीजे अरविंद चौधरी (Arvind Chaudhary) आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं।
इस खबर ने यूपी के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। अरविंद चौधरी की बीजेपी में एंट्री को पार्टी की उस रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसके तहत वह राज्य के कुर्मी वोटरों (Kurmi Voters) को फिर से अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है।
कौन हैं अरविंद चौधरी?
अरविंद चौधरी बस्ती से सपा सांसद राम प्रसाद चौधरी के भतीजे हैं और खुद भी कुर्मी समाज के एक कद्दावर नेता माने जाते हैं। वह साल 2009 से 2014 तक बस्ती लोकसभा सीट से ही बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर सांसद रह चुके हैं।
अरविंद चौधरी के बीजेपी में शामिल होने से अयोध्या, देवीपाटन और गोरखपुर मंडल के कुर्मी वोटरों पर सीधा असर पड़ने की संभावना है। इससे पूर्वांचल (Purvanchal) में समाजवादी पार्टी के मजबूत जनाधार को नुकसान पहुंच सकता है।
क्या कप्तानगंज से चुनाव लड़ेंगे अरविंद?
सियासी जानकारों का मानना है कि भारतीय जनता पार्टी अरविंद चौधरी को कप्तानगंज (Kaptanganj) विधानसभा सीट से मैदान में उतार सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह अरविंद की राजनीतिक कसौटी को परखने के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला कदम साबित होगा।
कुर्मी वोटरों पर क्यों है BJP की नजर?
2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बीजेपी को कई सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। इसकी सबसे बड़ी वजह कुर्मी समाज की बीजेपी से नाराजगी को माना गया था, जिन्होंने लोकसभा चुनाव में सपा के समर्थन में मतदान किया। इसी समर्थन के बूते सपा पूर्वांचल में काफी मजबूत स्थिति में आ गई।
अब सपा सांसद के घर में सेंध लगाकर बीजेपी ने कुर्मी वोट बैंक पर दोबारा पकड़ बनाने के अपने इरादे साफ कर दिए हैं।
यूपी में कुर्मी वोटरों का प्रभाव: आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की कुल आबादी में 5-6 प्रतिशत हिस्सेदारी कुर्मी वोटरों की है। यादवों के बाद यह यूपी की दूसरी सबसे बड़ी ओबीसी (OBC) आबादी है। कुर्मी मतदाता राज्य की 50-60 विधानसभा सीटों पर हार-जीत तय करने का प्रभाव रखते हैं। इनमें पूर्वांचल के महाराजगंज, संतकबीर नगर, सीतापुर, कुशीनगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, बरेली, उन्नाव, जालौन, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती और बाराबंकी समेत कई अहम विधानसभा सीटें शामिल हैं।
कुर्मी समाज को साधने के लिए BJP का ‘प्लान K’
बीजेपी लगातार कुर्मी समाज के नेताओं को बड़े पदों पर जगह दे रही है। पार्टी ने यूपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान कुर्मी समाज से आने वाले पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) को सौंपी है। इसके अलावा, यूपी प्रभारी विनोद तावड़े (Vinod Tawde) और सहप्रभारी जगदीश पटेल (गुजरात के पूर्व विधायक) भी कुर्मी समाज से आते हैं।
इसके साथ ही, यूपी में बीजेपी का अनुप्रिया पटेल (Anupriya Patel) की अपना दल (सोनेलाल) के साथ भी मजबूत गठबंधन है, जिसे कुर्मी समाज की पार्टी माना जाता है। अरविंद चौधरी का बीजेपी में आना इसी ‘प्लान K’ का हिस्सा माना जा रहा है।

