अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला: STF को बताया स्वजातीय टॉर्चर फोर्स

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में पार्टी के जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ एक अहम बैठक की। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर के अभियानों और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने पुलिस विभाग में भेदभाव, कस्टोडियल डेथ और मतदाता सूची में छेड़छाड़ की आशंका जैसे गंभीर आरोप लगाए।
पुलिस विभाग और STF पर तीखा हमला
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को लेकर बेहद तीखा बयान दिया। उन्होंने STF पर तंज कसते हुए उसे ‘स्वजातीय टॉर्चर फोर्स’ करार दिया और आरोप लगाया कि प्रदेश में जाति देखकर फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘हवाई चप्पल पहनने वालों के भी एनकाउंटर’ हो रहे हैं और STF के भीतर भी पीडीए (PDA – पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है।
बदायूं में एक दलित युवक की थाने में हुई कथित मौत का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि पुलिस इस घटना को ‘कार्डियक अरेस्ट’ बता रही है, जो कि इस तरह के मामलों में आम बहाना बन गया है। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश कस्टोडियल डेथ (हिरासत में मौत) के मामलों में देश में नंबर-1 बनता जा रहा है और पुलिस-थानों की थ्योरी हकीकत से मेल नहीं खाती। उन्होंने पुलिस विभाग में पीडीए वर्ग के लोगों को फील्ड पोस्टिंग न मिलने और इमरजेंसी में छुट्टी के लिए भी भटकने का आरोप लगाया।
SIR के बाद अब ‘SAR की साजिश’ का अंदेशा
मतदाता सूची को लेकर चिंता जताते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि SIR के बाद अब SAR की साजिश की चर्चा सामने आ रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से ठीक पहले एक बार फिर मतदाता सूची का रिविजन कराया जा सकता है, जिसके जरिए कुछ खास लोगों के वोटों को ‘एडजस्ट’ करने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के लोगों के वोट बढ़ाने की भी बातें सुनने में आ रही हैं, इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सतर्क रहना होगा।
बूथ स्तर पर मजबूत होगी सपा, दो सप्ताह में जनता के बीच जाएगी पार्टी
चुनावी रणनीति का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्णय लिया गया है और पार्टी का एकमात्र लक्ष्य ‘पीडीए की सरकार’ बनाना है। उन्होंने घोषणा की कि सपा का बूथ स्तरीय अभियान कल से शुरू हो जाएगा। साथ ही, उन्होंने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि वे अगले दो सप्ताह के भीतर प्रदेश में हो रहे कथित अत्याचारों और कमियों की पूरी तस्वीर जनता के सामने रखें।
AI वीडियो के मुद्दे पर भी बोले अखिलेश
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोशल मीडिया पर खुद को और अपनी पत्नी डिंपल यादव को लेकर बनाए जा रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वीडियो का भी जिक्र आया। इस पर अखिलेश ने कहा कि आजकल AI का इस्तेमाल करके बहुत से वीडियो बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को ऐसे वीडियो बनाने से सख्त मना किया है, लेकिन विरोधी खेमे के लोग लगातार इस तरह की हरकतों में लगे हुए हैं।
