पद गया तो क्या, अजय राय का तेवर बरकरार; बोले- ‘लड़ाई अभी भी जारी है’

ajay rai
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस (Congress) ने अपने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अजय राय (Ajay Rai) को हटाकर आराधना मिश्रा ‘मोना’ को नया प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। इस बड़े संगठनात्मक फेरबदल के बाद अब अजय राय की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए अपनी बात रखते हुए पार्टी आलाकमान के फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि ‘लड़ाई अभी भी जारी है।’

सोशल मीडिया (X) पर लिखी दिल की बात अजय राय, जो लगभग तीन साल से यूपी कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक भावुक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा:

“मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी देने के लिए मैं राहुल गांधी जी और कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का जीवनभर आभारी रहूंगा। लड़ाई अभी भी जारी है। नए अध्यक्ष सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। लड़ेंगे, जीतेंगे! हर-हर महादेव!”

‘नेतृत्व का फैसला पूरे दिल से स्वीकार’ अपने सोशल मीडिया पोस्ट के अलावा मीडिया से बातचीत करते हुए अजय राय ने पार्टी के फैसले के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा: “यह पार्टी नेतृत्व का स्नेह, समर्थन और प्यार है। हालात समय-समय पर बदलते रहते हैं और मुझे ज़िम्मेदारी दी गई थी, जिसे मैंने पूरी ईमानदारी से निभाया है। आगे भी करता रहूंगा। राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो भी फैसला लिया है, मैं उसे पूरे दिल से स्वीकार करता हू्ं।”

‘कांग्रेस मजबूत होगी, तो देश मजबूत होगा’ अजय राय ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि आज देश भर में हर वर्ग और समुदाय के लोग राहुल गांधी के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, “जिस तरह से राहुल जी लड़ रहे हैं और काम कर रहे हैं, लोगों में कांग्रेस के प्रति एक सकारात्मक भावना है। अगर कांग्रेस मज़बूत है, तो देश मज़बूत है; और अगर कांग्रेस कमज़ोर है, तो देश कमज़ोर है। मैं अपनी पूरी ताकत से कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम करता रहूंगा।”

क्या है कांग्रेस का नया समीकरण? बता दें कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले अपनी ‘सोशल इंजीनियरिंग’ (PDA और सवर्ण समीकरण) को साधने के लिए यह बड़ा बदलाव किया है। अजय राय (भूमिहार) की जगह आराधना मिश्रा (ब्राह्मण) को अध्यक्ष, सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद (अल्पसंख्यक) को कार्यकारी अध्यक्ष, और राजेंद्र पाल गौतम (दलित) को प्रदेश प्रभारी के रूप में बनाए रखा गया है। इसके अलावा दो नए उपाध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं। अजय राय का यह बयान स्पष्ट करता है कि वह पार्टी के अनुशासित सिपाही की तरह नए नेतृत्व के साथ भी सहयोग करेंगे।