BJP विधायक के भतीजे की Range Rover से हादसा, युवक की मौत; थाने से जमानत

गुजरात के अहमदाबाद से हिट एंड रन का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक दिनेश कुशवाहा के भतीजे राघवेंद्र कुशवाहा पर अपनी तेज रफ्तार रेंज रोवर कार से दो बाइक सवारों को कुचलने का आरोप है। हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार तो किया, लेकिन उसे थाने से ही जमानत भी दे दी गई, जिसके बाद पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
दिवाली पार्टी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे की है। 35 वर्षीय आरोपी राघवेंद्र कुशवाहा, जो रियल एस्टेट कारोबारी भी है, गांधीनगर के कलोल इलाके में एक दिवाली पार्टी में गया था। वहां रात भर पार्टी करने के बाद वह अपने चार दोस्तों के साथ रेंज रोवर कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान उसकी कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक चला रहा युवक रैपिडो (Rapido) में काम करता था। इस भयानक हादसे में हर्षभाई पुराबिया नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद दोस्तों संग फरार हुआ था आरोपी
घटना के तुरंत बाद राघवेंद्र और उसके चारों दोस्त मौके से फरार हो गए। बाद में आरोपी राघवेंद्र कुशवाहा ने अपने बचाव में कहा कि हादसे के बाद वह बहुत डर गया था, इसलिए वह कार छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल
इस हाई-प्रोफाइल हिट एंड रन मामले में अहमदाबाद पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। कई अहम सवाल खड़े हो गए हैं जिनके जवाब पुलिस फिलहाल नहीं दे रही है:
-
देरी से कार्रवाई: एक हाई-प्रोफाइल कार से हुए इतने बड़े हादसे के बावजूद आरोपी राघवेंद्र कुशवाहा तक पहुंचने में पुलिस को दो दिन का समय क्यों लग गया?
-
बिना मेडिकल जमानत: सबसे बड़ा सवाल यह है कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का मेडिकल टेस्ट क्यों नहीं कराया, जबकि वह पूरी रात पार्टी करके लौट रहा था?
-
थाने से ही बेल: एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आरोपी को थाने से ही जमानत कैसे दे दी गई?
पुलिस प्रशासन फिलहाल इस मामले में चुप्पी साधे हुए है।

