ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर भड़के केशव मौर्य, बोले- ये भी ‘ठगबंधन’

उत्तर प्रदेश की राजनीति में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद द्वारा बनाए गए नए राजनीतिक मोर्चे पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद (आजाद समाज पार्टी) के नए गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस गठबंधन को ‘ठगबंधन’ करार देते हुए दावा किया कि जनता अब इनसे भ्रमित होने वाली नहीं है और आगामी चुनाव में राज्य में एक बार फिर बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
लखनऊ में बीजेपी की बैठक में शामिल हुए डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को लखनऊ में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर प्रतिक्रिया दी।
मौर्य ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी यूपी चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रही है और हम अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। विरोधी चाहे कांग्रेस-सपा वाला गठबंधन हो या ओवैसी-चंद्रशेखर वाला ‘ठगबंधन’, जनता को भ्रमित करने में सफल नहीं होंगे। इन सबकी सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है।”
यूपी में तीसरी बार प्रचंड बहुमत का दावा
डिप्टी सीएम ने विश्वास जताया कि जनता का अटूट भरोसा भारतीय जनता पार्टी के साथ है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी राज्य में एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। वोटर लिस्ट और मतदान से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा कि मतदाता पूरी तरह साथ हैं और पार्टी चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है।
सांसद अरुण गोविल की भी आई प्रतिक्रिया
इस नए राजनीतिक समीकरण पर मेरठ से बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “अभी देखते जाइए, चुनाव में अभी बहुत कुछ होगा। चुनाव से पहले ऐसे कई गठबंधन और जोड़-घटाव देखने को मिलेंगे। जब चुनाव से पहले ये सारे समीकरण सामने आएंगे, तब स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी कि जमीन पर क्या होने वाला है।”
क्या है ओवैसी और चंद्रशेखर का नया मोर्चा?
बता दें कि गुरुवार को एआईएमआईएम (AIMIM) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने उत्तर प्रदेश में एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस गठबंधन का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ रखा गया है। यह नया मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा। गठबंधन की ओर से आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा (CM Face) घोषित किया गया है।

