‘मेरा फोन टैप होता है, सारे सबूत इसी में हैं’, राहुल का PM मोदी पर आरोप

rahul-gandhi-4
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने अपने फोन की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उनके फोन टैपिंग के सारे सबूत इसी में मौजूद हैं और पीएम मोदी को उनके बारे में सारी जानकारी इसी जरिए मिलती है।

इस दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर आमने-सामने बहस (One-on-One Debate) की खुली चुनौती दी है।

‘जिस दिन बहस होगी, साफ हो जाएगा कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है’

इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने राहुल गांधी से सवाल किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि उन्हें (राहुल को) विदेशी मदद मिल रही है, जबकि राहुल गांधी का आरोप है कि पीएम मोदी को विदेशी ताकतें नियंत्रित कर रही हैं। यूजर ने इस आरोप का सबूत मांगा था।

इसी सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा, “सारे सबूत इसी में हैं। उन्हें पता है कि प्रधानमंत्री मोदी के पास मेरे बारे में जानकारी कैसे पहुंचती है, क्योंकि मेरा फोन टैप किया जाता है।” उन्होंने आगे कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री उनके साथ आमने-सामने बहस करने के लिए तैयार हो जाएंगे, उस दिन सबको साफ पता चल जाएगा कि असल में कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है। राहुल ने दावा किया कि वह यह भी बताएंगे कि प्रधानमंत्री कब से देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं।

‘जिसे चाहें जज बना लें, मैं बहस के लिए तैयार’

प्रधानमंत्री मोदी को बहस की चुनौती देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह किसी भी मंच पर डिबेट करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी चाहे तो अपनी पसंद के किसी व्यक्ति को जज बना सकती है। यहाँ तक कि उन्होंने यहां तक कह दिया कि उद्योगपति गौतम अडानी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को भी जज के रूप में बैठाया जा सकता है। राहुल ने दावा किया कि इस बहस के बाद देश के सामने सच्चाई आ जाएगी और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद पर नहीं रह पाएंगे।

पहले भी दे चुके हैं बहस की चुनौती

यह पहला मौका नहीं है जब राहुल गांधी ने पीएम मोदी को सार्वजनिक बहस के लिए ललकारा है। इससे पहले अप्रैल 2019 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने राफेल सौदे के मुद्दे पर 15 मिनट की सीधी बहस की चुनौती दी थी। इसके अलावा, मई 2024 के आम चुनाव के दौरान भी कुछ पूर्व न्यायमूर्तियों और वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा दिए गए सार्वजनिक बहस के आमने-सामने के निमंत्रण को राहुल गांधी ने स्वीकार किया था।