13 साल पुराने AAP नेता ने छोड़ी पार्टी, दूसरी सूची के बाद पहला इस्तीफा

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर आंतरिक कलह खुलकर सामने आने लगी है। पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर और पार्टी नेता सुखदीप सिंह छीना ने पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि वह अमृतसर की राजासांसी विधानसभा सीट से पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने इस सीट से पंजाबी अभिनेत्री सोनिया मान को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। टिकट नहीं मिलने से नाराज सुखदीप सिंह छीना ने यह कदम उठाया है।
अमन अरोड़ा को भेजा इस्तीफा पत्र
सुखदीप सिंह छीना ने अपना इस्तीफा पत्र आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा को भेज दिया है। अपने इस्तीफे में उन्होंने स्पष्ट रूप से लिखा है कि वह पार्टी के सभी पदों के साथ-साथ इसकी प्राथमिक सदस्यता से भी खुद को अलग कर रहे हैं।
उन्होंने अपने त्यागपत्र में लिखा, “मैं, सुखदीप सिंह छीना, आम आदमी पार्टी (AAP) में अपने सभी पदों से इस्तीफा देता हूं और साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ रहा हूं।”
सोनिया मान को मिला है राजासांसी से टिकट
रासासांसी विधानसभा सीट पर लंबे समय से सुखदीप सिंह छीना अपनी दावेदारी पेश कर रहे थे। लेकिन हाल ही में पार्टी ने जब उम्मीदवारों की सूची जारी की, तो इस सीट से पंजाबी अदाकारा सोनिया मान को चुनावी मैदान में उतार दिया गया।
आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी। इस लिस्ट में पार्टी ने कई सीटों पर नए चेहरों और वॉलंटियर्स पर भरोसा जताया है, लेकिन इस फेरबदल में सुखदीप सिंह छीना का पत्ता कट गया।
चुनाव से पहले पार्टी के लिए बढ़ी चुनौती
टिकट वितरण के बाद से ही पार्टी के भीतर असंतोष की खबरें सामने आने लगी थीं। ऐसे में सुखदीप सिंह छीना का इस्तीफा आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव से ठीक पहले एक नई राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेता के पार्टी छोड़ने से चुनावी समीकरणों पर भी असर पड़ सकता है।

