1.27 करोड़ वोटों का आंकड़ा कहां से आया? संजय सिंह ने योगी सरकार को घेरा

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) द्वारा राज्य की मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए जाने के दावे पर आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने तीखा पलटवार किया है। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के आगामी अयोध्या दौरे का बचाव करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर राम मंदिर को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वोट कटने के दावों पर संजय सिंह का तंज
सीएम योगी के वोट कटने और मुस्लिम वोट बढ़ने के दावों पर पलटवार करते हुए संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी अब झूठा रोना रो रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा:
“यही लोग एसआईआर (SIR) और ज्ञानेश कुमार जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। तब मैंने संसद में कहा था कि तीन करोड़ वोट काटे गए, तो हमारी बात नहीं सुनी गई। अब बाबाजी (CM योगी) की और मोदी जी (PM Modi) की आपस में क्या लड़ाई चल रही है, इनके कैडर ने ही इनका साथ नहीं दिया या वोट नहीं बनवाए, क्या हुआ मुझे नहीं पता।”
संजय सिंह ने आगे चुनौती देते हुए कहा कि अब योगी जी को ज्ञानेश कुमार और SIR जिंदाबाद के नारे लगाने चाहिए। “ये लोग अब क्यों रो रहे हैं? हिम्मत है तो अब सीना ठोक कर कहो ज्ञानेश कुमार जिंदाबाद हैं, मोदी जी जिंदाबाद हैं, एसआईआर जिंदाबाद है।”
राम मंदिर को लेकर BJP पर गंभीर आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसंबर के अयोध्या दौरे पर बीजेपी नेताओं की बयानबाजी का जवाब देते हुए संजय सिंह ने बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया।
आप सांसद ने कहा, “बीजेपी भगवान राम के मंदिर की गेट कीपर नहीं है। बीजेपी ने राम मंदिर को लूटने का काम किया है। प्रभु श्रीराम के आभूषण लूटे, उनकी जमीनें लूटीं, उनके नाम पर चढ़ावा लूटा। निर्माण कार्य में 40 फीसद कमीशन खाई।”
संजय सिंह ने सीधे तौर पर बीजेपी की तुलना मोहम्मद गजनवी से करते हुए कहा:
“मैं कहता हूं कि मोहम्मद गजनवी ने सोमनाथ का मंदिर लूटा था और भाजपाइयों ने राम का मंदिर लूटा है।”
‘अमित शाह आजतक राम मंदिर क्यों नहीं गए?’
अखिलेश यादव के अयोध्या जाने को उनकी व्यक्तिगत आस्था का विषय बताते हुए संजय सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) पर भी सवाल दागे। उन्होंने पूछा कि आजतक अमित शाह राम मंदिर क्यों नहीं गए? और जब अखिलेश यादव दर्शन करने जा रहे हैं, तो बीजेपी वाले उनके पीछे क्यों पड़ गए हैं?

