‘इंदिरा गांधी की जिम्मेदारी कैसे खत्म होगी?’ सोनिया की किताब पर सवाल

babita
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

कांग्रेस (Congress) की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की हालिया रिलीज आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। यूपी राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान (Babita Singh Chauhan) ने इस किताब को कांग्रेस के पुराने दाग-धब्बे धोने और पिछली गलतियों को सुधारने की एक सोची-समझी कोशिश करार दिया है।

संजय गांधी पर आपातकाल का ठीकरा फोड़ने पर भड़कीं बबिता

डॉ. बबिता चौहान ने किताब में देश में आपातकाल (Emergency) लगाने के लिए संजय गांधी (Sanjay Gandhi) को जिम्मेदार ठहराने और बाबरी मस्जिद विध्वंस पर पश्चाताप जताने वाले हिस्सों पर कड़ी आपत्ति जताई।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोनिया गांधी ऐसा करके सिर्फ कांग्रेस की पुरानी गलतियों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही हैं। चौहान ने कहा:

“संजय गांधी का परिवार अब अलग हो चुका है और वह कांग्रेस में नहीं है। ऐसे में यह कहना पूरी तरह अर्थहीन है कि संजय गांधी की वजह से देश में आपातकाल लगा था।”

बबिता चौहान ने तर्क दिया कि उस समय देश की सत्ता की कमान इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) के हाथों में थी। उन्होंने सवाल किया, “बिना इंदिरा गांधी और कांग्रेस के, संजय गांधी ने अपनी अलग पार्टी बनाकर क्या किया था? जो भी हुआ, उसमें मिलीभगत तो थी ही। इसे कांग्रेस पार्टी की ही जिम्मेदारी माना जाएगा क्योंकि उस समय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं।”

किताब की सत्यता पर तंज कसते हुए चौहान ने कहा, “बुक उनकी है, राइटर उनके हैं, विजन और थॉट उनका है। वह कुछ भी लिखवा सकती हैं… लेकिन मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ने वाला है। पब्लिक सब जानती है।”

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर कसा तंज

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के 12 दिसंबर को होने वाले संभावित अयोध्या दौरे (Ayodhya Visit) पर भी बबिता चौहान ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “देर आए, दुरुस्त आए। अगर उनको अब सद्बुद्धि आ रही है कि वहां जाना चाहिए, तो उनका स्वागत है।”

चौहान ने अखिलेश को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें वहां जाकर देखना चाहिए कि उनके कार्यकाल में अयोध्या की क्या दुर्दशा थी और अब वहां कैसा कायाकल्प हुआ है। “मैं तो कहती हूं कि उन्हें जरूर जाना चाहिए। अपने परिवार के साथ जा रहे हैं तो यह बहुत अच्छी बात है।”

2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने पर क्या बोलीं?

SIR में 1 करोड़ 27 लाख वोट कटने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर बबिता चौहान ने सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि यह बड़े स्तर की बातें हैं और मुख्यमंत्री जो कह रहे हैं, वह सही ही होगा।

वहीं, 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर चौहान ने इससे साफ इनकार नहीं किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मेरा ऐसा कोई विचार नहीं है। मैं जहां हूं, बहुत अच्छी हूं। लेकिन जब पार्टी कोई निर्णय लेती है, तो हम कार्यकर्ता हैं और पार्टी के आदेश का पालन करते हैं।”

इसके अलावा, उन्होंने महिला आरक्षण (Women’s Reservation) का जिक्र करते हुए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं से राजनीति में आने की अपील की।