यूपी के शहरों के विकास की नई पहल, ए.के. शर्मा ने लॉन्च की ‘नगरीय सिंधु’

WhatsApp Image 2026-11-07 at 4.57.37 PM
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तर प्रदेश में नगरीय निकायों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों (Innovations) और विकासपरक पहलों को एक नया मंच देने के लिए राज्य सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार (7 नवंबर 2026) को नगरीय निकाय निदेशालय और नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के तत्वावधान में प्रकाशित होने वाली मासिक पत्रिका ‘नगरीय सिंधु’ का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया।

इस पत्रिका के माध्यम से प्रदेशभर के विभिन्न निकायों में चल रहे अच्छे कामों और विकास योजनाओं की जानकारियों का आदान-प्रदान किया जाएगा, ताकि एक निकाय की सफलता अन्य नगरों के लिए भी प्रेरणा बन सके।

‘नगरीय विकास की सफलताओं को साझा करने का सशक्त मंच’

पत्रिका के लॉन्चिंग अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश के नगरों में स्वच्छता, आधारभूत संरचनाओं के विस्तार, जलापूर्ति, सीवरेज सिस्टम, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में तमाम सराहनीय कार्य हो रहे हैं। इन पहलों को सही मंच पर लाना जरूरी था।

उन्होंने कहा, “नगरीय विकास केवल सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए कुशल प्रबंधन, आधुनिक तकनीक, नवाचार और प्रशिक्षित मानव संसाधन की भी उतनी ही आवश्यकता है। ‘नगरीय सिंधु’ इसी दिशा में एक मजबूत और प्रभावी माध्यम साबित होगी।”

प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अनुभवों का होगा आदान-प्रदान

नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के जरिए अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए समय-समय पर विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाते हैं। इस पत्रिका में उन प्रशिक्षण सत्रों और अनुभवों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी नियमित रूप से प्रकाशित की जाएंगी, जिससे नगरीय निकायों के कार्मिकों को प्रशासनिक और तकनीकी कामकाज में मदद मिलेगी।

मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के शहरों को आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर और हाई-टेक बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। यह पत्रिका इसी विजन को आगे बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने इस शानदार पहल के लिए निदेशालय और शोध संस्थान की पूरी टीम को बधाई दी।

कार्यक्रम में रहे कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद

इस अवसर पर प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक अनुज कुमार झा, सोडा निदेशक महेंद्र बहादुर सिंह, नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर निदेशक रितु सुहास सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।