योगी सरकार का दिवाली गिफ्ट, कर्मचारियों का DA 63% हुआ, बोनस भी मंजूर

CM-Yogi-3
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को दिवाली से पहले एक बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है, जिसके बाद यह दर बढ़कर 63 फीसदी हो गई है। बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू मानी जाएंगी और इसका नकद लाभ नवंबर माह के वेतन के साथ मिलेगा।

15 लाख कर्मचारियों को 30 दिन का बोनस

महंगाई भत्ते में इजाफे के साथ ही सरकार ने राज्य के करीब 15 लाख कर्मचारियों को 30 दिन का दीपावली बोनस देने का भी बड़ा फैसला किया है। तय प्रावधानों के मुताबिक, इस बोनस राशि का 25 फीसदी हिस्सा कर्मचारियों को नकद दिया जाएगा, जबकि शेष 75 फीसदी राशि सीधे उनके जीपीएफ (GPF) खाते में जमा की जाएगी।

बढ़े हुए डीए का लाभ राज्य कर्मचारियों के अलावा सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को भी मिलेगा।

पेंशनर्स को राहत, जीपीएफ में जाएगा 4 महीने का एरियर

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 12 लाख पेंशनर्स को भी सीधा फायदा होगा। उनकी महंगाई राहत दर भी अब 63 प्रतिशत हो गई है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और डीआर का नकद लाभ दिसंबर में मिलने वाले (नवंबर माह के) वेतन और पेंशन के साथ दिया जाएगा। वहीं, जुलाई से अक्टूबर तक के चार महीनों का बकाया एरियर कर्मचारियों के जीपीएफ खातों और राष्ट्रीय बचत पत्रों (NSC) के माध्यम से जमा किया जाएगा।

आउटसोर्स कर्मचारियों की भी हुई मौज

दिवाली के इस अवसर पर सरकार ने संविदा और आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे कर्मचारियों का भी विशेष ध्यान रखा है। राज्य के 2,72,000 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में डेढ़ गुना तक की बड़ी बढ़ोतरी की गई है, जिससे निचले स्तर पर काम कर रहे कर्मचारियों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।

राजकोष पर पड़ेगा 3500 करोड़ का भार

बढ़े हुए महंगाई भत्ते और 30 दिन के दीपावली बोनस के भुगतान से राज्य सरकार के खजाने पर अनुमानित 3,000 करोड़ से 3,500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय बोझ पड़ेगा।

कर्मचारी संगठनों ने किया फैसले का स्वागत

लंबे समय से डीए बढ़ोतरी और बोनस की मांग कर रहे राज्य कर्मचारी संगठनों ने योगी सरकार के इस फैसले का जोरदार स्वागत किया है। संगठनों का कहना है कि सरकार ने त्योहार के समय कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए यह बड़ा कदम उठाया है, जिससे लाखों परिवारों की दिवाली और भी रोशन होगी।