‘अब सोच कैसे बदल गई?’ SIR पर कपिल सिब्बल ने अमित शाह को घेरा

sibbal
शकील अहमद सैफी
शकील अहमद सैफी

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR – Systematic Voters’ Education and Electoral Participation Review) को लेकर शुरू हुआ विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस समेत समूचा विपक्ष इसे लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने एक बार फिर केंद्र सरकार और विशेषकर गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है।

संसद में अमित शाह के पुराने बयान की याद दिलाई

शनिवार (7 नवंबर) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कपिल सिब्बल ने संसद में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए पुराने बयानों पर सवाल उठाए।

सिब्बल ने कहा, “आपको याद होगा कि जब संसद में एसआईआर का मामला चल रहा था और विपक्षी दलों ने इस पर चर्चा की मांग की थी, तब गृह मंत्री ने कहा था कि हम इस पर चर्चा क्यों करें, यह तो चुनाव आयोग का फैसला है।” सिब्बल ने जोर देकर कहा कि शाह का यह बयान पूरे देश ने सुना था कि ‘एसआईआर चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, इसमें सरकार का कोई लेना-देना नहीं है, इसलिए संसद में बहस की जरूरत नहीं है।’

‘अचानक कैसे बदल गए विचार?’

कपिल सिब्बल ने गृह मंत्री के हालिया बयानों का हवाला देते हुए उनकी मंशा पर सवाल उठाए। सिब्बल ने कहा, “हाल ही में उन्होंने (अमित शाह) कहा है कि राहुल गांधी से कहिए कि हम संसद में एसआईआर विवाद पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखिए। सरकार इस पर चर्चा के लिए एक विशेष सत्र (Special Session) बुलाएगी।”

सिब्बल ने सीधा सवाल दागते हुए कहा, “अब इनके ख्याल बदल गए हैं, बातें बदल गई हैं, सोच बदल गई है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि गृह मंत्री अब अचानक बदल गए हैं?”

यह विवाद राजनीतिक गलियारों में लगातार तूल पकड़ रहा है, जहां विपक्ष मतदाता सूची से जुड़े इस अभियान (SIR) में पारदर्शिता और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।