माहुल में पटाखे फोड़ने से पहले जान लें नियम, BPCL-HPCL प्लांट के पास प्रतिबंध

diwali
भोजराज नावानी
भोजराज नावानी

मुंबई पुलिस ने सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए शहर के माहुल इलाके में पटाखे और आतिशबाजी पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला माहुल स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी एवं बॉटलिंग प्लांट्स की संवेदनशीलता को देखते हुए लिया गया है।

पुलिस उपायुक्त (ऑपरेशन) और कार्यकारी मजिस्ट्रेट अकबर पठान की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश के मुताबिक, यह प्रतिबंध 3 नवंबर 2026 से लेकर 2 दिसंबर 2026 तक (दोनों दिन शामिल) लागू रहेगा। नए नियम के तहत, बॉटलिंग प्लांट के बफर जोन से 500 मीटर आगे तक के दायरे में किसी भी प्रकार के पटाखे फोड़ने, रॉकेट या अन्य कोई आतिशबाजी छोड़ने पर सख्त मनाही होगी।

इन इलाकों में लागू रहेगा प्रतिबंध

  • BPCL और HPCL रिफाइनरी का बाहरी परिधि (Outer Periphery) क्षेत्र।

  • माहुल टर्मिनल क्षेत्र।

  • BPCL का BDU प्लांट क्षेत्र।

  • HPCL का BDU प्लांट क्षेत्र।

  • 15 और 50 एकड़ क्षेत्र के पीछे से स्पेशल ऑयल रिफाइनरी तक का संपूर्ण इलाका।

पुलिस प्रशासन ने इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए इसे सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करने और लाउडस्पीकर तथा मेगाफोन के जरिए स्थानीय लोगों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं।

पॉल्यूशन फ्री दिवाली और दीया मिर्जा का वीडियो विवाद

पटाखों पर यह प्रतिबंध ऐसे समय में आया है जब मुंबई में प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने को लेकर पहले से ही सियासी बवाल मचा हुआ है। हाल ही में, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने पर्यावरण के अनुकूल दिवाली को बढ़ावा देने के लिए अभिनेत्री दीया मिर्जा का एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने लोगों से ध्वनि और वायु प्रदूषण से बचने की अपील की थी।

हालांकि, मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने इस वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था कि उन्हें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। इस आपत्ति के बाद बीएमसी ने वह वीडियो हटा लिया, जिससे विवाद और गहरा गया। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने तो इस वीडियो को लेकर अभिनेत्री को ‘हिंदू-विरोधी’ तक करार दे दिया था। बता दें कि बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद ही बीएमसी ने यह जागरूकता अभियान शुरू किया था।