‘डबल इंजन की डबल हार’, अखिलेश की खुली चिट्ठी में BJP पर तीखा हमला

akhilesh
अजमल शाह
अजमल शाह

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (UP MLC) चुनाव की 11 में से 5 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद समाजवादी पार्टी (SP) के हौसले बुलंद हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने जीते हुए प्रत्याशियों की तस्वीरें साझा करते हुए प्रदेश के मतदाताओं के नाम एक खुली चिट्ठी लिखी है। इस पत्र में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को एक ‘फ्लॉप शो’ करार देते हुए दावा किया है कि इस हार ने 2027 के विधानसभा चुनाव की प्रस्तावना लिख दी है।

वाराणसी में ‘डबल इंजन की डबल हार’

अखिलेश यादव ने अपने पत्र में वाराणसी सीट के नतीजों पर खास तौर पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि बीजेपी वाले वाराणसी में पहले ‘काउंटिंग’ में हारे और फिर दोबारा हुई ‘री-काउंटिंग’ में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा। सपा प्रमुख के मुताबिक, दो बार हुई मतगणना में बीजेपी और उसके सहयोगियों का हारना दरअसल ‘डबल इंजन की डबल हार’ है।

‘जो पीड़ित, वो PDA’, जनाधार 95% पहुंचने का दावा

सपा चीफ ने इन चुनाव परिणामों को बीजेपी की ‘शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा विरोधी’ नीतियों की हार बताया। उनका कहना है कि पढ़े-लिखे बेरोजगार स्नातकों ने सरकार के खिलाफ अपना स्पष्ट फैसला सुना दिया है।

अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी ने जिस तरह हर समाज को पीड़ित और अपमानित किया है, उसके बाद सभी उत्पीड़ित वर्ग एक साथ आ गए हैं। उन्होंने लिखा, “PDA का जनाधार अब 95% हो गया है, क्योंकि ‘जो पीड़ित, वो PDA’। इससे बीजेपी में अस्तित्व का संकट शुरू हो गया है।”

‘दूरबीन लेकर प्रत्याशी ढूंढ रही बीजेपी’

सत्ताधारी दल में अंदरूनी गुटबाजी का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी की फूट से डबल इंजन की टकराहट और बढ़ गई है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि बीजेपी के नेता विधानसभा चुनाव लड़ने की हिम्मत पूरी तरह हार गए हैं। अखिलेश के अनुसार, जो पार्टी अब तक उम्मीदवारों का सर्वे करा रही थी, वह अब दूरबीन लेकर प्रत्याशी ढूंढ रही है, लेकिन टिकट लेने के लिए कोई आगे नहीं आ रहा और उनकी टिकट की खिड़की खाली पड़ी है।

हारे हुए प्रत्याशियों को बताया ‘बिना सर्टिफिकेट के विजेता’

अखिलेश यादव ने इस जीत का श्रेय शिक्षकों, युवाओं और वोट की निगरानी करने वाले ‘PDA प्रहरियों’ को दिया। उन्होंने चुनाव जीते हुए प्रत्याशियों को बधाई देने के साथ-साथ उन उम्मीदवारों का भी अभिनंदन किया, जिन्हें उनके मुताबिक “चालबाजी और जालसाजी” से हराया गया।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने जो सीटें जीती हैं, वे भी हेराफेरी से हासिल की गई हैं। उन्होंने हारे हुए सपा प्रत्याशियों को ‘बिना सर्टिफिकेट का विजेता’ बताते हुए कहा कि यही सजगता और एकजुटता 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए निर्णायक नींव साबित होगी।