चमोली में हेलीकॉप्टर की तलाश तेज, पायलट समेत छह लोग थे सवार

uk
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर खराब मौसम के बीच लापता होने के बाद क्रैश हो गया है। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान ही इस हेलीकॉप्टर का कंट्रोल रूम से संपर्क टूट गया था। इसमें पायलट समेत कुल पांच लोग सवार थे।

लापता हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं, लेकिन अब तक उसमें सवार लोगों से कोई संपर्क नहीं हो पाया है।

यात्रियों की हुई पहचान, तलाशी अभियान तेज

इस दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों की पहचान चंद्रकात, अथर्व, आकाश, राज श्री और दिनेश के तौर पर हुई है। सूचना मिलते ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की एक टीम को तुरंत क्रैश साइट की ओर भेज दिया गया है। इसके अलावा जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें भी संयुक्त रूप से बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

सीएम धामी ने घटना पर जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए लिखा, “चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्वयं पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने सभी यात्रियों के सकुशल होने की प्रार्थना भी की।

मौसम विभाग ने जारी किया था ‘ऑरेंज अलर्ट’

इस हादसे की मुख्य वजह खराब मौसम को माना जा रहा है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले यानी 29 अक्टूबर को ही 30 अक्टूबर के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था। पूर्वानुमान में नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, ओले पड़ने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई थी।