जन महाभियोग कार्यक्रम पर मौसम की मार, विपक्ष को करना होगा इंतजार

विपक्षी दलों के गठबंधन (India Bloc) द्वारा प्रस्तावित ‘जन महाभियोग’ (मॉक पार्लियामेंट) कार्यक्रम बारिश के कारण शुक्रवार (30 अक्टूबर) को स्थगित कर दिया गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक प्रेस ब्रीफिंग में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अब यह कार्यक्रम कल (31 अक्टूबर) इसी समय आयोजित किया जाएगा। इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी नेताओं का जमावड़ा लगा रहा।
‘कल इसी वक्त होगा जन महाभियोग’
राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “बारिश की वजह से आज महाभियोग कार्यक्रम नहीं हो पा रहा है, लेकिन कल इसी वक्त हम इसे आयोजित करेंगे। यह एक विरोध प्रदर्शन है और पूरा विपक्ष यहां मौजूद है।”
1 नवंबर की रामलीला मैदान रैली पर राहुल का बड़ा दावा
राहुल गांधी ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली विपक्षी गठबंधन की महारैली का भी जिक्र किया। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह इस रैली में शामिल होने आ रहे लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोक रही है।
उन्होंने कहा, “लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश समेत सभी राज्यों से आने वाले लोगों को रोका जाए। हम देखेंगे कि वे कितने लोगों को रामलीला मैदान आने से रोकते हैं।” उन्होंने आम लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि चाहे वे राजनीति से जुड़े हों, कारोबारी हों या नौकरीपेशा, कोई भी इस प्रदर्शन में शामिल हो सकता है।
हिमाचल के सीएम सुक्खू ने भी किया रैली का आह्वान
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी 1 नवंबर की रैली को लेकर बयान दिया है। उन्होंने वोट की अहमियत बताते हुए कहा, “हमारा वोट केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि हमारी आवाज, हमारी ताकत और हमारे भविष्य का आधार है। हमारा भविष्य सुरक्षित रहे, इसलिए नेता विपक्ष राहुल गांधी जी ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली का आह्वान किया है।”

