अखिलेश के अयोध्या दौरे पर स्वामी प्रसाद का तंज, बोले मुलायम से लें सबक

अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव पर उनके अयोध्या दर्शन वाले बयान को लेकर तीखा हमला बोला है। मौर्य ने अखिलेश को उनके पिता और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव से राजनीति की सीख लेने की सलाह दी है। उन्होंने अखिलेश पर धर्म के नाम पर ‘नौटंकी’ करने और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के रास्ते पर चलने का आरोप लगाया।
‘मुलायम सिंह हनुमान जी के भक्त थे, पर नौटंकी नहीं की’
बलरामपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, “किसी भी व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार धर्म मानने की पूरी स्वतंत्रता है। इस पर मुझे कुछ विशेष नहीं कहना है। लेकिन मैंने मुलायम सिंह यादव का भी दौर देखा है। वे हनुमान जी के परम भक्त थे। तीन बार मुख्यमंत्री और दो बार नेता प्रतिपक्ष रहने के बावजूद उन्होंने राजनीति में सक्रिय रहते हुए कभी धर्म के नाम पर नौटंकी नहीं की। उन्होंने हमेशा जनता के प्रति वफादारी दिखाई।”
अखिलेश को दी नसीहत- ‘धर्म दिखावे का विषय नहीं’
अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए मौर्य ने कहा, “उनको (अखिलेश) अपने पिता से सबक लेना चाहिए। धर्म और आस्था दिखावे का विषय नहीं है। यह मानने के लिए है, आप किसे मानते हैं यह आपका विवेक है। लेकिन अगर आप दिखावा करते हैं, तो यह स्वाभाविक रूप से नौटंकी है।”
मौर्य ने आगे कहा कि अखिलेश यादव अब भाजपा के रास्ते पर चलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “राजनेता की जवाबदेही जनता के प्रति होती है। अगर राजनीति करने वाले लोग धर्म का चोला पहनकर समाज को बांटने का प्रयास करते हैं, तो वह धर्म नहीं है।”
अखिलेश ने अयोध्या दर्शन पर क्या कहा था?
दरअसल, अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के सवाल पर अखिलेश यादव ने हाल ही में कहा था कि वे पहले अपने पैतृक गांव इटावा में बन रहे केदारेश्वर मंदिर में पूजा करेंगे और उसके बाद ही अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे। अखिलेश ने यह बात कई मौकों पर दोहराई है। उनके इस रुख को लेकर भाजपा और उसके सहयोगी दल भी लगातार उन पर निशाना साधते रहे हैं और उन पर धर्म विरोधी होने का आरोप लगाते रहे हैं। अब स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी इस मुद्दे पर अखिलेश को घेर लिया है।

