खरगे की टिप्पणी से सपा दूर, रामगोपाल बोले, राजनीति में संयम जरूरी

kharge
अजमल शाह
अजमल शाह

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी घमासान थमता नजर नहीं आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भारी विरोध के बीच अब ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के अहम सहयोगी दल समाजवादी पार्टी (SP) ने भी इस बयान से पूरी तरह किनारा कर लिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चाचा और वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने खरगे के बयान से खुली असहमति जताई है।

‘राजनीति में भाषा पर संयम रखना जरूरी’

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद रामगोपाल यादव से जब मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने साफ कहा कि वह इस बयान से बिल्कुल भी सहमत नहीं हैं।

रामगोपाल यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री के पिताजी के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए था। राजनीति में भाषा पर संयम रखना बहुत जरूरी है और इस तरह की भाषा को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जा सकता।” उन्होंने आगे कहा कि अगर राजनीति में ऐसी भाषा चलती रही तो स्थिति बिगड़ जाती है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, “जब बड़े नेता इस तरह के बयान देंगे तो फिर छोटे नेताओं का क्या होगा? पता नहीं वो (खरगे) किस तरह की भाषा का प्रयोग करने लगे हैं।”

कांग्रेस से दूरी और BJP का देशव्यापी विरोध

रामगोपाल यादव के इस स्पष्ट बयान से यह तय हो गया है कि समाजवादी पार्टी इस संवेदनशील मुद्दे पर कांग्रेस के साथ खड़ी नहीं है और पूरी तरह दूरी बनाए हुए है। बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी के पिता को लेकर टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद देश का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बीजेपी लगातार हमलावर है और देशभर के अलग-अलग राज्यों में खरगे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है।

UP MLC चुनाव पर भी दी प्रतिक्रिया

रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के चुनाव पर भी बात की, जिनकी आज (27 अक्टूबर) मतगणना चल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी को पूरी उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी शिक्षक और स्नातक दोनों सीटों पर अच्छा प्रदर्शन करेगी और उसके प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे।