‘नेता प्रतिपक्ष गैर-जिम्मेदार और गद्दार’, गौरव का राहुल गांधी पर तीखा हमला

चुनाव आयोग (ECI) के एसआईआर (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शनों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि भारत का नेता प्रतिपक्ष गैर-जिम्मेदार, अपरिपक्व और गद्दार है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा पेश किए जा रहे ‘अराजकता के मॉडल’ के तार सीधे तौर पर विदेशी संगठनों से जुड़ रहे हैं।
विदेशी साजिश और ‘इंडियन एलायंस इन पेरिस’ का आरोप
गौरव भाटिया ने दावा किया कि विपक्षी दलों का यह विरोध-प्रदर्शन सिर्फ एक बहाना था और उनका असली मकसद देश में अराजकता फैलाना था। उन्होंने कहा, “मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रांस की घटनाएं और सत्ता परिवर्तन की साजिशों के तार 9 देशों में फैले 101 संगठनों से जुड़े हैं, जिनके लिंक भारत से भी मिल रहे हैं।”
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि 6 अक्टूबर को जब राहुल गांधी अराजकता फैला रहे थे, तब ‘इंडियन एलायंस इन पेरिस’ उनका मुख्य समर्थक बनकर उभरा और उसी संगठन ने सबसे पहले उनके पक्ष में ट्वीट किया। भाटिया ने कहा कि यह संगठन भारत के अंदरूनी मामलों में दखल देता है और देश के लोकतंत्र की बेबुनियाद आलोचना करता है।
प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल और 10 जनपथ का कनेक्शन
गौरव भाटिया ने आगे दावा किया कि ‘इंडियन एलायंस इन पेरिस’ का संबंध ‘प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल’ से है, और इस संगठन के तार सीधे 10 जनपथ से जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि 28 अप्रैल 2025 को इस संगठन के प्रतिनिधियों ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की थी, जिसे खुद कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
भाटिया ने आरोप लगाया कि फ्रांस, स्पेन, भारत और अल्बानिया में जो कुछ हो रहा है, उसके पीछे प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल जैसे “ग्लोबल कैओस ग्रुप्स” का हाथ है, जिनका काम दुनिया भर में सत्ता परिवर्तन (रिजीम चेंज) कराना है।
संजय राउत की पोस्ट और अल्बानिया की घटना का जिक्र
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि राउत ने अल्बानिया के सुप्रीम कोर्ट में लगी आग की तस्वीर साझा की थी। भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक, इस तस्वीर के जरिए भारत में भी अराजकता फैलाने का संकेत दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं के संबंध जॉर्ज सोरोस जैसे तत्वों से जुड़े हैं। भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत कर रहे हैं, वहीं ये लोग सुप्रीम कोर्ट और संसद के सम्मान को ठेस पहुंचाकर अराजकता फैलाने की कोशिश में जुटे हैं।
विदेशी नेताओं से मुलाकातों पर खड़े किए सवाल
राहुल गांधी के विदेशी दौरों पर सवाल उठाते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि मौजूदा समय में राहुल गांधी वियतनाम में हैं और वे वहां से सत्ता परिवर्तन की योजनाएं बना रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ब्रिटेन में जेरेमी कॉर्बिन से मिलते हैं, जो कश्मीर को भारत का हिस्सा नहीं मानते। भाटिया ने अमेरिकी सांसद इल्हान उमर और जमात-ए-इस्लामी से जुड़े मुशफिकुल फजल के साथ राहुल गांधी की कथित मुलाकातों का भी जिक्र करते हुए कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया।

