प्रियंका के बेटे की प्रदर्शनी से 72 तस्वीरें हटाईं गईं? बीकानेर हाउस में विवाद

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में आयोजित फोटो प्रदर्शनी विवादों में घिर गई है। रेहान ने आरोप लगाया है कि उद्घाटन से ठीक पहले बीकानेर हाउस प्रबंधन ने उनकी प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ से युवा विरोध प्रदर्शनों को दर्शाने वाली 70 से अधिक तस्वीरों को हटवा दिया। प्रियंका गांधी ने इस कथित कदम की कड़ी निंदा करते हुए कहा है, “अब यह लोकतंत्र नहीं रहा।”
‘5 बजे तक तस्वीरें हटाओ, वर्ना एग्जीबिशन रद्द’
इस प्रदर्शनी में शुरुआत में 100 से अधिक कलाकृतियां और तस्वीरें शामिल थीं। समाचार एजेंसी एएनआई के हवाले से रेहान ने बताया कि बुधवार को दोपहर 3.30 बजे उन्हें प्रबंधन की तरफ से अल्टीमेटम दिया गया कि शाम 5 बजे तक ये तस्वीरें हटा लें, अन्यथा पूरी प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी।
तस्वीरें हटाए जाने के बाद बीकानेर हाउस के कंटेम्परेरी आर्ट गैलरी (CCA) भवन की पहली मंजिल के दो कमरे लगभग खाली हो गए और सिर्फ 40 तस्वीरें ही डिस्प्ले पर बचीं। रेहान ने इंस्टाग्राम पोस्ट में दावा किया कि प्रबंधन ने तस्वीरों के कंटेंट को “आपत्तिजनक” बताया।
रेहान के मुताबिक, उनसे भारतीय राष्ट्रीय ध्वज वाली दो तस्वीरों को भी हटाने के लिए कहा गया था। उन्होंने स्पष्ट किया, “मैं भारतीय ध्वज की तस्वीर नहीं हटाऊंगा।” उन्होंने कहा कि प्रबंधन को प्रदर्शनी और इसके लेआउट का पूरा विवरण पहले ही दे दिया गया था।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को घेरा
तस्वीरों को हटाए जाने के मामले पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने फैसले पर सवाल उठाते हुए पूछा कि विरोध प्रदर्शनों का दस्तावेजीकरण करने वाली तस्वीरों को आपत्तिजनक क्यों माना गया। खेड़ा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रदर्शनी की लगभग 74 कलाकृतियों को राजनीतिक बताकर हटा दिया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीरों पर कथित आपत्ति की भी आलोचना की।
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर बीकानेर हाउस प्रशासन के रवैये को “मूर्खतापूर्ण” और “अभद्र” करार दिया। वहीं, भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के लीगल सेल ने टिप्पणी की कि तस्वीरों को सेंसर किया जा सकता है, लेकिन सच्चाई को नहीं।
दूसरी जगह प्रदर्शित होंगी हटाई गई तस्वीरें
‘नो आइडिया इज फाइनल’ शीर्षक वाली इस प्रदर्शनी में वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी, एब्सट्रैक्ट वर्क और भारत में युवाओं के आंदोलनों व विरोध प्रदर्शनों को कैद करने वाली स्ट्रीट तस्वीरें शामिल हैं। यह प्रदर्शनी 25 अक्टूबर तक चलने वाली है।
रेहान ने साफ किया है कि वह बची हुई तस्वीरों के साथ इस एग्जीबिशन को जारी रखेंगे, लेकिन हटाई गई तस्वीरों की पूरी कलेक्शन प्रदर्शित करने के लिए वह किसी अन्य स्थान की तलाश कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक बीकानेर हाउस प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण नहीं आया था।

