योगी का दिवाली गिफ्ट, जानिए किन परिवारों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 1.86 करोड़ परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। यह सुविधा साल में दो बार—दिवाली और होली के अवसर पर—उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का उद्देश्य उन गरीब परिवारों को राहत देना है, जो महंगाई के कारण गैस रिफिल नहीं करा पाते और दोबारा लकड़ी या उपले का इस्तेमाल करने को मजबूर होते हैं।
दिवाली और होली पर मिलेगा मुफ्त सिलेंडर
राज्य सरकार द्वारा तय किए गए नियमों के अनुसार, लाभार्थियों को साल में दो बार पूरी तरह मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल कराने की सुविधा मिलेगी।
-
पहला चरण (दिवाली): अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच लाभार्थी परिवार अपना पहला मुफ्त सिलेंडर ले सकते हैं।
-
दूसरा चरण (होली): जनवरी से मार्च 2027 के बीच दूसरा सिलेंडर मुफ्त में दिया जाएगा।
कैसे खाते में आएगा मुफ्त सिलेंडर का पैसा?
मुफ्त गैस सिलेंडर पाने की प्रक्रिया डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) पर आधारित है। उपभोक्ता को बुकिंग के बाद डिलीवरी लेते समय सिलेंडर की पूरी निर्धारित राशि का भुगतान गैस एजेंसी (इंडेन, भारत गैस या एचपी) को करना होगा। इसके बाद सरकारी तंत्र और तेल कंपनियों के मिलान के जरिए सिलेंडर की पूरी सब्सिडी राशि सीधे उपभोक्ता के बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी नियम
यह सुविधा केवल प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पंजीकृत परिवारों के लिए है। सामान्य घरेलू गैस कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ता इस दायरे में नहीं आएंगे। सरकार ने सब्सिडी के लिए कुछ अनिवार्य शर्तें तय की हैं:
-
गैस कनेक्शन धारक का पहचान प्रमाणीकरण और बायोमेट्रिक सत्यापन (KYC) होना अनिवार्य है।
-
लाभार्थी का बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए।
-
बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) की सुविधा चालू होनी चाहिए।
जिन लाभार्थियों ने अब तक अपनी बायोमेट्रिक पहचान का सत्यापन नहीं कराया है, वे अपनी नजदीकी गैस एजेंसी जाकर या संबंधित गैस कंपनियों के मोबाइल ऐप के जरिए इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।

