लखनऊ से रूपईडीहा तक फरारी की कहानी, श्रद्धा केस में कई सवाल बरकरार

shiva sharma
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड (Shiva Sharma Murder Case) में फरार चल रहीं मुख्य संदिग्ध श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि की तलाश तेज हो गई है। पुलिस की जांच का दायरा अब लखनऊ से होते हुए नेपाल सीमा तक पहुंच गया है। दोनों बहनों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं, जो लखनऊ, सीतापुर और रायबरेली में लगातार दबिश दे रही हैं।

इस बीच, खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट बताने वाली श्रद्धा दुबे की ग्लैमरस जिंदगी के कई छिपे हुए पन्ने भी पुलिस के सामने खुल रहे हैं। शिवा के परिजनों ने श्रद्धा पर ब्लैकमेलिंग, पैसों की उगाही और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

अस्पताल से आया फोन और नेपाल बॉर्डर तक का सफर

पुलिस की जांच में दोनों बहनों की फरारी को लेकर एक अहम सुराग हाथ लगा है। श्रद्धा के एक पुराने परिचित रिजवान ने पुलिस पूछताछ में दावा किया है कि श्रद्धा ने उसे अस्पताल से फोन किया था। रिजवान के मुताबिक, वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार लेकर वहां पहुंचा, जिसमें श्रद्धा और रश्मि बैठीं। इसके बाद वह दोनों बहनों को लेकर नेपाल सीमा के पास रूपईडीहा तक गया और उन्हें वहां छोड़कर वापस लौट आया।

रिजवान ने पुलिस को यह भी बताया कि रूपईडीहा से श्रद्धा को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ आगे जाना था। पुलिस अब उस अज्ञात मददगार की तलाश कर रही है। हजरतगंज SHO विक्रम सिंह के अनुसार, नेपाल कनेक्शन सामने आने के बाद जांच उसी दिशा में आगे बढ़ रही है और जरूरत पड़ने पर पुलिस की एक टीम नेपाल भी जा सकती है।

क्लब की मुलाकात और लिव-इन रिलेशनशिप

पुलिस जांच के अनुसार, कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखने वाले शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे की मुलाकात करीब 6 महीने पहले लखनऊ के एक क्लब में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पिछले 4 महीने से शिवा श्रद्धा के फ्लैट में ही लिव-इन में रह रहा था।

शिवा अपनी मां का इकलौता बेटा था और परिवार का दावा है कि वह इस रिश्ते को लेकर काफी गंभीर था। उसने श्रद्धा को अपनी मां से भी मिलवाया था और दोनों शादी करना चाहते थे। परिजनों का आरोप है कि शादी की चर्चा शुरू होने के बाद ही श्रद्धा के व्यवहार में बदलाव आने लगा और दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा। शिवा आखिरी बार 13 तारीख को अपने पिता की बरसी पर अलीगंज स्थित अपने घर गया था।

ब्लैकमेलिंग, पुराने केस और 6 लाख के गहनों का विवाद

इस हत्याकांड की परतें खुलने के साथ ही ब्लैकमेलिंग का एंगल गहराता जा रहा है। जांच में सामने आया है कि शिवा शर्मा का एक पुराना आपराधिक रिकॉर्ड था। एक फायरिंग केस में यूपी STF ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और बाद में उसे पटना से गिरफ्तार किया गया था। परिवार का आरोप है कि श्रद्धा को इस केस की जानकारी थी और वह इसी बात का फायदा उठाकर शिवा को दोबारा जेल भिजवाने की धमकी देती थी।

विवाद की एक वजह करीब 6 लाख रुपये की कीमत की एक चेन और ब्रेसलेट भी बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, श्रद्धा दावा करती थी कि ये गहने उसे किसी हाई-प्रोफाइल व्यक्ति (VIP) ने गिफ्ट किए हैं। आरोप है कि वह इन गहनों की चोरी के मामले में शिवा को फंसाने की धमकियां देती थी।

VIP संपर्कों की धौंस और हनीट्रैप की आशंका!

श्रद्धा की पृष्ठभूमि की जांच में कई चौंकाने वाले दावे सामने आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, करीब 10 साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन बाद में वह पति से अलग होकर लखनऊ आ गई। उसका एक बेटा भी है, जो अपने पिता के साथ रहता है।

लखनऊ में उसने खुद को ग्लैमर और सोशल मीडिया की दुनिया में स्थापित किया। आरोप है कि वह अक्सर नेताओं, नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर लोगों पर धौंस जमाती थी। कुछ सार्वजनिक कार्यक्रमों में उसे निजी सुरक्षा गार्ड्स के साथ भी देखा गया था।

पुलिस सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि दोनों बहनें संपन्न और रईस युवकों के संपर्क में रहती थीं। उन पर कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसे वसूलने के आरोप लग रहे हैं। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि श्रद्धा के रसूखदार संपर्क वास्तव में कौन थे और क्या उनका इस मामले से कोई सीधा कनेक्शन है।

फिलहाल, पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती श्रद्धा और रश्मि की गिरफ्तारी है, जिसके बाद ही रिश्ते, विवाद और इस हत्या के पीछे की असल कहानी पूरी तरह से साफ हो सकेगी।