भारत-पाकिस्तान मैच से लेकर फाइनल तक, टिकटों पर दुनिया की नजर

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के आगाज में अभी एक साल का वक्त बाकी है, लेकिन टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट फैंस का उत्साह अभी से चरम पर है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने जानकारी दी है कि टिकटों के लिए आवेदन शुरू होने के महज 12 दिनों के भीतर डेढ़ करोड़ से अधिक टिकटों की मांग आ चुकी है। 142 देशों के फैंस ने टूर्नामेंट के लिए लाखों की संख्या में पंजीकरण कराए हैं।
इस आगामी विश्व कप की संयुक्त मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया कर रहे हैं। आईसीसी टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल पहले ही जारी कर चुका है।
142 देशों से आए 44 लाख रजिस्ट्रेशन, 21 नवंबर तक मौका
आईसीसी के मुताबिक, विंडो खुलने के बाद से अब तक कुल 1,50,83,752 (एक करोड़ 50 लाख 83 हजार 752) टिकटों के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। दुनिया भर के 142 देशों से 44,23,417 क्रिकेट फैंस ने टिकट हासिल करने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है।
प्रशंसक आगामी 21 नवंबर 2026 तक टिकटों के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। टिकटों की इस अभूतपूर्व मांग पर आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संजोग गुप्ता ने कहा कि यह रुझान क्रिकेट विश्व कप की वैश्विक साख और एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में अफ्रीका के आकर्षण को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट शुरू होने में एक साल बचा है और आईसीसी की पूरी योजना तैयार है, जिससे आने वाले महीनों में फैंस का उत्साह और बढ़ेगा।
24 साल बाद दक्षिण अफ्रीका में क्रिकेट का महाकुंभ
यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाला है। पूरे 24 साल बाद वनडे विश्व कप की वापसी दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर हो रही है। इससे पहले साल 2003 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने मिलकर टूर्नामेंट का आयोजन किया था। इस बार नामीबिया भी सह-मेजबान के रूप में शामिल है।
शुभमन गिल की कप्तानी में उतरेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में मैदान में उतरेगी। साल 2023 में घरेलू मैदान पर खेले गए पिछले वर्ल्ड कप में भारत ने रोहित शर्मा के नेतृत्व में बिना कोई मैच गंवाए फाइनल तक का सफर तय किया था, जहां खिताबी मुकाबले में टीम को ऑस्ट्रेलिया से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
आगामी टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के हाथों में होगी। गिल की अगुवाई में टीम इंडिया 2023 की कसर पूरी करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
रोहित और कोहली का आखिरी विश्व कप
यह टूर्नामेंट भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े दिग्गजों—रोहित शर्मा और विराट कोहली के करियर का आखिरी वनडे वर्ल्ड कप माना जा रहा है। दोनों सीनियर खिलाड़ी भारतीय टीम की ओर से खेलते दिखाई देंगे।
विराट कोहली ने पहले ही स्पष्ट किया है कि आगामी विश्व कप की ट्रॉफी उठाना ही उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है। कोहली के मुताबिक, वे टूर्नामेंट के फाइनल में भारत के लिए विजयी शॉट खेलना चाहते हैं, लेकिन अगर ऐसा नहीं भी हुआ और टीम चैंपियन बनी, तो यह उनके लिए सबसे बड़ी खुशी का पल होगा।

