हत्या तो कहीं भी हो सकती है, पूर्व MLA की हत्या पर BJP नेता का जवाब सुनिए

राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम के गृह जनपद भरतपुर में बीजेपी के बड़े नेता और पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की खनन विवाद में सनसनीखेज हत्या कर दी गई है।
सत्ताधारी दल के कद्दावर नेता की इस तरह सरेआम हत्या ने राज्य की कानून-व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी सरकार पर पूरी तरह से हमलावर है, जबकि बैकफुट पर आई सरकार की मुश्किलें बीजेपी नेताओं की बेतुकी बयानबाजी ने और बढ़ा दी हैं।
70-80 लोगों ने क्रेशर प्लांट पर बोला धावा
पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना भरतपुर में एक क्रेशर प्लांट का संचालन करते थे। बताया जा रहा है कि अवैध खनन और क्रेशर के रास्ते को लेकर कुछ प्रभावशाली स्थानीय लोगों से उनका विवाद चल रहा था।
रविवार शाम करीब सात बजे जब वह अपनी पत्नी और सहयोगी के साथ क्रेशर प्लांट पर मौजूद थे, तभी 70 से 80 की संख्या में लोगों ने वहां धावा बोल दिया। भीड़ ने अतर सिंह की लाठी-डंडों और पत्थरों से जमकर पिटाई की। उन पर गोली चलाए जाने का भी आरोप है। गंभीर हालत में उन्हें जयपुर के SMS अस्पताल लाया गया, जहां आधी रात को उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने 35 लोगों को किया नामजद
SMS अस्पताल के एडीशनल सुपरीटेंडेंट डॉ. प्रदीप शर्मा के मुताबिक, पूर्व विधायक के शरीर पर कई जगह चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद अतर सिंह का शव अंतिम संस्कार के लिए उनके मूल निवास हरियाणा के फरीदाबाद भेज दिया गया है।
परिवार की शिकायत पर राजस्थान पुलिस ने 35 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है और अब तक एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कांग्रेस का सरकार पर तीखा प्रहार
इस हत्याकांड के बाद कांग्रेस ने सरकार को घेर लिया है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा और पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि अगर बीजेपी के पूर्व विधायक ही सरेआम मौत के घाट उतारे जा रहे हैं, तो समझा जा सकता है कि इस सरकार में आम आदमी कितना सुरक्षित है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजस्थान में पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है और कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस सिर्फ विपक्षी पार्टियों को डराने-धमकाने के काम में लगी हुई है।
‘हत्या तो किसी की भी कहीं भी हो सकती है’
इस बेहद गंभीर और संवेदनशील मामले में राजस्थान विधानसभा में बीजेपी विधायक दल के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने एक बेतुका बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया।
उन्होंने मीडिया से कहा, “हत्या तो किसी की भी कहीं भी हो सकती है।” जोगेश्वर गर्ग ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में बोलने का अधिकार नहीं है, क्योंकि उनके राज में प्रधानमंत्री आवास के अंदर इंदिरा गांधी की हत्या हो गई थी। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि इस मामले में पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।
कौन थे अतर सिंह भड़ाना?
मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले अतर सिंह भड़ाना साल 2008 में भरतपुर की बयाना सीट से बीजेपी के टिकट पर विधायक चुने गए थे। वे गुर्जर समाज के बड़े नेता माने जाते थे और उन्होंने गुर्जर आरक्षण को लेकर बड़ा आंदोलन भी चलाया था। बीच में कुछ समय के लिए वे कांग्रेस और बीएसपी में भी रहे, लेकिन बाद में बीजेपी में लौट आए और पार्टी के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी बने।

