माया का चुनावी मिशन शुरू! 100 सीटों पर प्रत्याशी तय, 250 नामों पर नजर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (UP Election 2027) की तैयारियों में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने बाकी दलों से पहले उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने प्रदेश की 100 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। संगठन ने आगामी 15 नवंबर तक कुल 250 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने का लक्ष्य तय किया है।
कार्यकर्ता सम्मेलनों में लगी मुहर, अधिकृत सूची का इंतजार
पार्टी की ओर से अभी तक उम्मीदवारों की कोई अधिकृत सूची सार्वजनिक रूप से जारी नहीं की गई है, लेकिन संबंधित क्षेत्रों में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलनों के जरिए 100 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी गई है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को इन नामों की जानकारी देकर चुनावी तैयारी में जुटने को कह दिया गया है।
मायावती के आवास पर दावेदारों की स्क्रीनिंग
15 नवंबर तक 250 प्रत्याशियों के चयन का लक्ष्य पूरा करने के लिए मायावती खुद दावेदारों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। वे लखनऊ स्थित अपने आवास पर लगातार संभावित उम्मीदवारों से मुलाकात कर रही हैं। प्रत्येक सीट के समीकरणों और दावेदारों की स्थिति को परखने के बाद ही उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
27 अक्टूबर तक जिलों के दौरे पर प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल
मैदानी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल लगातार जिलों में सक्रिय हैं। उनका यह संगठनात्मक दौरा कार्यक्रम 27 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत राजधानी लखनऊ में भी दो बड़े कार्यक्रम तय किए गए हैं, जिनमें 17 अक्टूबर को बीकेटी (बख्शी का तालाब) और 26 अक्टूबर को मलिहाबाद में कार्यकर्ता सम्मेलन होगा।
आकाश आनंद जल्द शुरू करेंगे चुनाव प्रचार
पार्टी के प्रचार अभियान को गति देने के लिए आकाश आनंद भी जल्द ही मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। संगठन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मायावती से अंतिम अनुमति मिलते ही आकाश आनंद उत्तर प्रदेश में पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगे और चुनावी प्रचार की कमान संभालेंगे।

