कट्टरपंथी सोच से Flydubai कांड तक, कौन है हम्माम अल-हम्मामी?

hammal
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

दुबई से इजरायल (Israel) जा रही ‘फ्लाईदुबई’ (Flydubai) एयरलाइंस की फ्लाइट FZ1073 को हाईजैक कर क्रैश करने की खौफनाक साजिश रचने वाले आरोपी को-पायलट की पहचान हो गई है। इसका नाम हमाम अल-हम्मामी (Hammam Al-Hammami) है। इसी ने कॉकपिट के अंदर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। कैप्टन स्मित की बहादुरी और क्रू मेंबर्स की मदद से यह साजिश नाकाम हो गई और सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सऊदी अरब पुलिस ने शुरुआती पूछताछ के बाद हम्मामी को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की जांच एजेंसियों को सौंप दिया है। आइए जानते हैं कि 180 लोगों की जान जोखिम में डालने वाला यह को-पायलट कौन है और इसका असली मकसद क्या था।

कौन है हमाम अल-हम्मामी?

  • जन्म और नागरिकता: हम्मामी का जन्म संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हुआ था। हालांकि, उसके पिता ओमानी और माता सीरियाई हैं, जिस कारण उसकी स्पष्ट नागरिकता को लेकर अभी संशय बना हुआ है।

  • शिक्षा: उसने साल 2023 में बकिंघमशायर न्यू यूनिवर्सिटी (Buckinghamshire New University) से एविएशन मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन पूरा किया था।

नौकरियों का इतिहास: 3 एयरलाइंस बदल चुका है आरोपी

हम्मामी का करियर ग्राफ काफी अस्थिर रहा है:

  1. ओमान एयर (Oman Air): उसने 7 साल तक ओमान एयर में काम किया और फरवरी 2025 में इस्तीफा दे दिया।

  2. रॉयल एयर मोरक्को: जून 2025 में उसने यह एयरलाइन जॉइन की, लेकिन महज 7-8 महीने बाद जनवरी 2026 में यहां से भी नौकरी छोड़ दी।

  3. फ्लाईदुबई (Flydubai): करीब 8 महीने पहले ही उसने फ्लाईदुबई एयरलाइंस जॉइन की थी।

कट्टरपंथी विचारधारा और ‘अल-कायदा’ कनेक्शन

जांच एजेंसियों द्वारा हम्मामी की पृष्ठभूमि और सोशल मीडिया अकाउंट्स खंगालने पर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं:

  • उसकी सोशल मीडिया पोस्ट्स में आतंकी संगठन अल-कायदा (Al-Qaeda) के आतंकियों की तस्वीरें मिली हैं।

  • जांच में पता चला है कि वह अक्सर कट्टरपंथी वेबसाइट्स सर्फ करता था और उसकी धार्मिक मान्यताएं बेहद कट्टर थीं।

  • सबसे बड़ा खुलासा यह है कि हम्मामी की कट्टरपंथी विचारधारा के कारण ही साल 2024 में ओमान एयर ने उसे फ्लाइट ट्रेनिंग से हटाकर ‘डेस्क जॉब’ पर भेज दिया था। डेस्क जॉब पसंद न आने के कारण ही उसने ओमान एयर से इस्तीफा दिया था।

मकसद: फ्लाइट को इजरायल में करना चाहता था क्रैश

इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सऊदी पुलिस की पूछताछ में हमाम अल-हम्मामी ने कबूल किया है कि वह फ्लाइट FZ1073 को हाईजैक करके सीधे इजरायल की धरती पर क्रैश करना चाहता था। अब UAE की एजेंसियां (और संभवतः इजरायली जांच अधिकारी) उससे सख्ती से पूछताछ कर रही हैं कि कॉकपिट के अंदर उसने कैप्टन स्मित पर हमला क्यों और कैसे किया, और इस पूरी साजिश में उसका कोई मददगार था या नहीं।

फ्लाईदुबई की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने फ्लाईदुबई एयरलाइंस की हायरिंग और बैकग्राउंड चेक प्रक्रिया पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इजरायल और UAE के बीच हुए ‘अब्राहम समझौते’ (Abraham Accords) के तहत स्पष्ट नियम है कि दोनों देशों के बीच उड़ने वाली फ्लाइट्स में केवल इजरायली या UAE के ही पायलट होंगे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जिस व्यक्ति के पिता ओमानी हैं (इजरायल और ओमान के राजनयिक संबंध नहीं हैं) और जिसे ओमान एयर पहले ही सुरक्षा कारणों से बैन कर चुका था, उसे फ्लाईदुबई ने कॉकपिट तक कैसे पहुंचने दिया? यह अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा (Aviation Security) में एक बहुत बड़ी चूक मानी जा रही है।