तलाक की अफवाहों के बीच फहाद फासिल का नजरिया पर मजेदार कमेंट

अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पुष्पा’ (Pushpa) फ्रेंचाइजी में विलेन की भूमिका निभाकर मशहूर हुए अभिनेता फहाद फासिल (Fahadh Faasil) ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी अफवाहों पर विराम लगा दिया है। फहाद ने अपनी पत्नी और अभिनेत्री नजरिया नजीम (Nazriya Nazim) के साथ अलगाव की खबरों को सिरे से खारिज किया है। अपनी आगामी फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने अपने रिश्ते पर बात करते हुए मजाकिया अंदाज में पत्नी नजरिया को एक ‘बच्ची’ बताया।
‘मेरे घर पर भी एक बच्चा है’
तमिलनाडु में अपनी अपकमिंग फिल्म ‘डोंट ट्रबल द ट्रबल’ (Don’t Trouble The Trouble) के एक इवेंट के दौरान फहाद फासिल ने पत्नी नजरिया के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की। सोशल मीडिया पर चल रही अलगाव की अफवाहों को खारिज करते हुए फहाद ने चुटकी ली और कहा, “मेरी शादी एक बच्ची से हुई है।”
फहाद ने बताया कि लोग अक्सर बच्चों को संभालने की उनकी काबिलियत और धैर्य की तारीफ करते हैं। इसके जवाब में अभिनेता कहते हैं, “मेरे घर पर भी एक बच्चा है और मैं उसे संभालता ही रहता हूं।”
चाइल्ड आर्टिस्ट सारा का किया जिक्र
फहाद फासिल इन दिनों अपनी जल्द रिलीज होने वाली फिल्म ‘डोंट ट्रबल द ट्रबल’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म की कहानी फहाद और सारा नाम की एक चाइल्ड आर्टिस्ट के इर्द-गिर्द घूमती है। इवेंट में सारा के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए फहाद ने कहा, “मेरा सामना पहली बार एक ऐसे बच्चे से हुआ, जो मुझे संभाल सकता था।”
12 साल से साथ हैं फहाद और नजरिया
फहाद फासिल और नजरिया नजीम की जोड़ी दक्षिण भारतीय सिनेमा (South Cinema) की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक मानी जाती है। दोनों ने साल 2014 में शादी की थी। 43 वर्षीय फहाद और 31 वर्षीय नजरिया के बीच 12 साल का उम्र का फासला है। यह कपल ‘बैंगलोर डेज़’ (Bangalore Days) और ‘ट्रांस’ (Trance) जैसी हिट फिल्मों में एक साथ स्क्रीन भी शेयर कर चुका है। पिछले कुछ समय से गॉसिप कॉलम्स में दोनों के अलग होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर फहाद के इस बयान ने स्पष्ट रूप से रोक लगा दी है।

