अशोक सिंघल के शताब्दी समारोह में योगी ने ‘कालनेमि’ का जिक्र क्यों किया

yogi-1754290502
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राम मंदिर आंदोलन के विरोधियों पर तीखा जुबानी हमला बोला। लखनऊ में विश्व हिन्दू परिषद (VHP) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को आगाह किया। सीएम योगी ने कहा कि बाबरी के भक्त अब ‘कालनेमि’ बनकर रामकाज को अपमानित और बदनाम करने का प्रयास करेंगे, इसलिए इनकी साजिशों को पहचानकर विफल करना होगा।

‘विरोध करने वाले आज खुद को बता रहे रामभक्त’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कभी राम मंदिर का कड़ा विरोध करते थे और रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे, आज वही राजनीतिक फायदे के लिए खुद को रामभक्त बताने का प्रयास कर रहे हैं। सीएम योगी ने इसे विश्व हिन्दू परिषद और राम मंदिर आंदोलन की सबसे बड़ी वैचारिक विजय करार दिया।

अशोक सिंघल का संघर्ष और 1990 का आंदोलन

कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया और अशोक सिंघल के जीवन व संघर्ष पर एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। सीएम योगी ने 1528 से चले आ रहे 500 वर्षों के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि बिखरी हुई हिंदू ताकत को एक मंच पर लाने का ऐतिहासिक काम अशोक सिंघल ने किया।

1982 में VHP का दायित्व मिलने के बाद रामकाज ही उनके जीवन का ध्येय बन गया। 1990 के अयोध्या आंदोलन को याद करते हुए सीएम ने कहा कि जब तत्कालीन यूपी सरकार रामभक्तों पर गोलियां चला रही थी, तब 2 नवंबर 1990 को लाठीचार्ज के बीच भी अशोक सिंघल की सिंह गर्जना सत्ता के सामने नहीं झुकी। इसके अलावा, उन्होंने वनवासी और मलिन बस्तियों में एकल विद्यालयों की श्रृंखला खड़ी करने में भी अहम भूमिका निभाई।

‘कांग्रेस और वामपंथियों ने न्यायालय में पैदा की बाधाएं’

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब श्रीराम जन्मभूमि का मामला न्यायालय में था, तब एक तरफ अशोक सिंघल की टीम प्रमाण जुटा रही थी, वहीं कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और वामपंथी दल राम मंदिर के पक्ष में फैसला रोकने के लिए लगातार अड़चनें डाल रहे थे।

उन्होंने कांग्रेस पर भगवान राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वोट बैंक की खातिर इन लोगों ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण तक ठुकरा दिया।

आज की भव्य और नव्य अयोध्या

सीएम योगी ने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ और अशोक सिंघल के बीच होने वाली बैठकों का स्मरण करते हुए कहा कि अशोक सिंघल ने जो कहा, वह करके दिखाया। उनकी संकल्पना आज साकार हो रही है। कभी उपेक्षित रही अयोध्या आज राम पथ, धर्म पथ, भक्ति पथ और जन्मभूमि पथ से सुसज्जित है। राम की पैड़ी में सरयू का निर्मल जल है, महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन चुका है और अयोध्या अब एक ‘सोलर सिटी’ के रूप में नई पहचान बना रही है।