हनुमान जी के सामने हाथ जोड़े दिखे अखिलेश, पोस्टर पर ‘विजय भव: 2027’

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश राजधानी लखनऊ की सड़कों पर साफ नजर आने लगी है। सोमवार को लखनऊ समेत प्रदेश के कई शहरों में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के खिलाफ लगे आक्रामक पोस्टरों के बाद अब सपा के राज्य मुख्यालय के बाहर लगा एक नया पोस्टर चर्चा का केंद्र बन गया है।
लखनऊ स्थित विक्रमादित्य मार्ग पर समाजवादी पार्टी कार्यालय के ठीक बाहर लगाए गए इस बड़े पोस्टर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भगवान हनुमान के सामने हाथ जोड़कर बैठे हुए दिखाया गया है। पोस्टर में बजरंगबली गदा लिए अखिलेश यादव को आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं और ऊपर बड़े अक्षरों में ‘विजय भव: 2027’ का नारा लिखा गया है।
धार्मिक प्रतीक के जरिए 2027 का संदेश
विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और समर्थक लगातार प्रतीकों की लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं। सपा दफ्तर के बाहर लगे इस पोस्टर का सीधा संदेश 2027 के चुनावी समर में अखिलेश यादव की फतह की कामना के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, यह पोस्टर आधिकारिक रूप से किसने लगवाया है, इसके प्रायोजक का नाम फिलहाल सामने नहीं आया है।
हमलों के जवाब में काउंटर रणनीति
यह नया पोस्टर ऐसे वक्त में सामने आया है जब ठीक एक दिन पहले विरोधी खेमे की ओर से लखनऊ समेत कई जिलों में सपा के खिलाफ होर्डिंग्स लगाए गए थे। उन पोस्टरों में अखिलेश यादव की तस्वीर को आजम खान, दिवंगत अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी के साथ जोड़कर नारे लिखे गए थे और सपा के शासनकाल की कानून-व्यवस्था पर राजनीतिक हमला बोला गया था। सपा दफ्तर के बाहर हनुमान जी के साथ लगे अखिलेश के इस नए पोस्टर को उसी विरोधी प्रचार की काट के तौर पर देखा जा रहा है।
क्यूआर कोड के बाद अब पोस्टर सियासत
इससे पहले भी सपा मुख्यालय के आसपास चुनावी माहौल को गरमाने वाले पोस्टर देखे गए थे। हाल ही में एक क्यूआर (QR) कोड वाला पोस्टर लगाया गया था, जिसके जरिए युवाओं से 2027 के चुनावी मुद्दों पर सीधे राय मांगी गई थी। उसमें शिक्षा, रोजगार, बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक जैसे विषयों पर युवाओं से फीडबैक साझा करने की अपील की गई थी।
विरोधी दलों के तीखे हमलों और सपा समर्थकों के इस तरह के जवाबी पोस्टरों से साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले लखनऊ में होर्डिंग और पोस्टर वॉर का यह दौर अभी और तेज होगा।
