Sudhanshu Trivedi on Hamid Ansari: ‘नेहरू का सच बताने के लिए बधाई’

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी द्वारा ‘हिंदू राष्ट्रवाद’ पर दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा पलटवार किया है। सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने हामिद अंसारी पर निशाना साधने के साथ-साथ उनके बयान के बहाने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी करारा प्रहार किया। त्रिवेदी ने तंज कसते हुए कहा कि अंसारी ने अनजाने में ही सही, लेकिन कांग्रेस के वैचारिक विरोधाभास और उसके असली चेहरे का पर्दाफाश कर दिया है।
हामिद अंसारी ने क्या कहा था?
पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने हाल ही में अब्दुल गफूर नूरानी की किताब ‘The RSS: A Menace to India’ का जिक्र करते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के एक पुराने बयान का हवाला दिया था। अंसारी ने कहा था, “नेहरू जी ने स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी थी कि भारत के लिए असली खतरा कम्युनिज्म (वामपंथ) नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है।” इसी बयान पर अब सियासी बवाल मच गया है।
‘नेहरू का सच सामने लाने के लिए आपको बधाई’
सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तंजिया लहजे में हामिद अंसारी को बधाई दी। उन्होंने कहा, “नेहरू जी वामपंथ को खतरा मानते थे, यह सच सामने लाने के लिए मैं आपको बधाई देता हूं। क्योंकि जिस कम्युनिज्म को वह खतरा मानते थे, आज पूरी कांग्रेस उसी अति-वामपंथ (अल्ट्रा-लेफ्ट) की तरफ बढ़ गई है।”
त्रिवेदी ने कहा कि हामिद अंसारी के इस खुलासे से तीन महत्वपूर्ण बातें साफ हुई हैं। सबसे बड़ा ऐतिहासिक तथ्य यह सामने आया है कि खुद जवाहरलाल नेहरू के दौर में भी कम्युनिज्म को देश के लिए एक बड़ा खतरा माना जाता था, लेकिन आज की कांग्रेस ने अपनी उसी ऐतिहासिक विचारधारा को तिलांजलि दे दी है।
राहुल गांधी पर निशाना: ‘हिंदुओं को कोसना खानदानी गुण’
बीजेपी सांसद ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “अंसारी के बयान से साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस उस वामपंथ की गोद में जाकर बैठ गई है, जिसे कभी उनके ही पुरखे खतरा बताते थे। राहुल गांधी पूरी तरह कम्युनिज्म के विचारों में गोता लगा रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी संसद के भीतर और विदेशी धरती पर जो भी बातें करते हैं, उसकी पटकथा उनके अपने ही परिवार और नेहरूवादी इतिहास के पन्नों में दबी हुई है। त्रिवेदी ने तीखा आरोप लगाते हुए कहा कि “हिंदुओं और हिंदू राष्ट्रवाद को कोसना इनका ‘खानदानी गुण’ है, जो अब हामिद अंसारी के बयान के जरिए पूरी तरह बेनकाब हो गया है।”
‘मुस्लिम लीग माओइस्ट कांग्रेस’
सुधांशु त्रिवेदी ने वर्तमान कांग्रेस को वैचारिक रूप से ‘मुस्लिम लीग माओइस्ट कांग्रेस’ करार दिया। उन्होंने याद दिलाया कि राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर जिन्ना की बनाई मुस्लिम लीग को ‘धर्मनिरपेक्ष’ होने का सर्टिफिकेट दिया था। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस केरल में उसी मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन कर अपनी राजनीति चमका रही है और देश में माओवादी सोच को बढ़ावा दे रही है।
