वायरल वीडियो बना हत्या की वजह, पिता-भाई ने रची हिट-एंड-रन की कहानी

crime
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

अहमदाबाद में ‘ऑनर किलिंग’ का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता और भाई ने मिलकर 22 वर्षीय युवती की हथौड़े से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी और पुलिस से बचने के लिए इसे एक सड़क हादसे (हिट-एंड-रन) का रूप दे दिया। पुलिस की जांच में जब दुर्घटना की थ्योरी फेल हुई, तो हत्या की असल वजह मृतका का एक वायरल वीडियो निकला, जिसे परिवार अपनी बदनामी का कारण मान रहा था।

वायरल वीडियो बनी हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान सोफिया के रूप में हुई है, जो शहर के एक अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थी। जांच में सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले सोफिया का एक व्यक्ति के साथ वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो को लेकर उसके पिता मोहम्मद फारूक और 38 वर्षीय भाई मोहम्मद हाबिल बेहद नाराज थे। परिवार की कथित इज्जत बचाने और बदनामी के डर से दोनों ने मिलकर सोफिया को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

सुनसान रास्ते पर हथौड़े से किए जानलेवा वार

यह खौफनाक वारदात 12 अगस्त की रात को अंजाम दी गई। जानकारी के अनुसार, पिता और भाई सोफिया को मोटरसाइकिल पर घुमाने के बहाने बाहर ले गए। रास्ते में हाबिल बाइक को घेलजीपुर गांव के पास एक सुनसान कच्चे रास्ते की तरफ ले गया। पुलिस का कहना है कि हाबिल घर से ही अपनी पैंट में लोहे का हथौड़ा छिपाकर लाया था। मौका मिलते ही उसने अपनी बहन के सिर पर हथौड़े से लगातार तीन वार किए।

हादसे का रूप देने के लिए तोड़ी अपनी ही बाइक

हत्या को दुर्घटना साबित करने के लिए आरोपियों ने पूरी पटकथा तैयार कर रखी थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद फारूक और हाबिल सोफिया को वापस मुख्य सड़क पर ले आए। उन्होंने अपनी ही मोटरसाइकिल को इस तरह नुकसान पहुंचाया जिससे यह तेज रफ्तार टक्कर का मामला लगे।

इसके बाद हाबिल ने पुलिस को मनगढ़ंत कहानी सुनाते हुए बताया कि घेलजीपुरा चौराहे के पास एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। उसने दावा किया कि इस दुर्घटना में उसकी बहन के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उसे खुद मामूली खरोंचें लगी हैं।

इस कहानी के आधार पर सोफिया को गंभीर हालत में सोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस की जमीनी जांच में दुर्घटना की कहानी टिक नहीं पाई और कड़ाई से पूछताछ में ‘ऑनर किलिंग’ का सच सामने आ गया। फिलहाल मोहम्मद फारूक और मोहम्मद हाबिल पुलिस की गिरफ्त में हैं और दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाया जा रहा है।