ठाणे: IIEST में दाखिला न मिलने से तनाव में था छात्र, 22वीं मंजिल से कूदा

crime
राघवेन्द्र मिश्रा
राघवेन्द्र मिश्रा

महाराष्ट्र के ठाणे में एक होनहार छात्र ने मनपसंद इंजीनियरिंग संस्थान में प्रवेश न मिलने से निराश होकर आत्महत्या कर ली। 12वीं कक्षा में विज्ञान संकाय में 95.7 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले इस छात्र ने इमारत की 22वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 4 सितंबर की है, जब छात्र ने अपने परिवार के वॉट्सऐप ग्रुप पर सुसाइड का संदेश भेजा था।

IIEST शिबपुर में एडमिशन का था सपना

छात्र इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IIEST), शिबपुर से बीएस-एमएस (BS-MS) ड्युअल डिग्री की पढ़ाई करना चाहता था। प्रवेश परीक्षा में उसकी 10,474वीं रैंक आई थी। इस रैंक के आधार पर उसे अपने मनचाहे संस्थान में एडमिशन नहीं मिल सका। पुलिस के अनुसार, इस विफलता के कारण छात्र काफी निराश चल रहा था।

साइकिल चलाने के बहाने घर से निकला

पुलिस के मुताबिक, छात्र अपने परिवार के साथ घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी एस्टेट में रहता था। 4 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे वह यह कहकर घर से निकला था कि वह साइकिलिंग के लिए जा रहा है। घर से निकलने के कुछ देर बाद, रात करीब 8.15 बजे उसने परिवार के वॉट्सऐप ग्रुप पर एक मैसेज भेजा, जिसमें उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करने की बात लिखी थी।

तलाश पूरी होने से पहले 22वीं मंजिल से कूदा

मैसेज देखने के बाद जब परिवार ने छात्र को कॉल किया तो उसका फोन बंद मिला। परिजनों ने तत्काल कासरवडवली पुलिस स्टेशन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और परिवार के सदस्य इलाके में उसकी तलाश में निकल गए। लेकिन पुलिस या परिजनों के वहां पहुंचने से पहले ही छात्र ने इमारत की 22वीं मंजिल के रिफ्यूज एरिया से छलांग लगा दी।

अस्पताल में मृत घोषित, परिवार को साजिश का शक नहीं

पुलिस को छात्र अपने अपार्टमेंट के पास फुटपाथ पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तुरंत ठाणे के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों ने किसी साजिश की आशंका नहीं जताई है और इस घटना के पीछे पढ़ाई और एडमिशन न मिल पाने के तनाव को ही कारण बताया है।