अनिरुद्धाचार्य के ‘काफिर’ पर विवाद, बोले- हिंदू नहीं करते मुसलमानों से नफरत

अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले मशहूर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने हिंदू और मुस्लिम समुदाय के संबंधों को लेकर बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी की है। अनिरुद्धाचार्य ने अपने संबोधन में दावा किया कि हिंदू कभी मुस्लिम विरोधी नहीं रहे, बल्कि मुसलमान हिंदुओं से नफरत करते हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है।
वायरल वीडियो में क्या किए गए दावे?
वायरल हो रहे इस वीडियो में अनिरुद्धाचार्य मंच से हिंदू-मुस्लिम संबंधों पर अपनी राय रखते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा का हवाला देते हुए एक विवादित तर्क दिया:
-
सुरक्षा का उदाहरण: अनिरुद्धाचार्य ने कहा, “कौन बोला कि हिंदू मुस्लिम विरोधी है? हिंदू कभी ऐसा नहीं रहा। अगर 100 हिंदुओं के घर के बीच एक मुसलमान का घर है, तो वह पूरी तरह सुरक्षित है। लेकिन जहां 100 मुसलमान हैं, क्या वहां एक हिंदू सुरक्षित रह सकता है? नहीं।”
-
‘काफिर’ शब्द पर टिप्पणी: उन्होंने आगे कहा कि मुसलमान हिंदुओं को ‘काफिर’ समझते हैं। अपनी बात को सही ठहराते हुए उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति तो नाग पंचमी पर सांप को भी दूध पिलाने और चींटियों को दाना डालने की है, तो हम इंसानों से क्यों नफरत करेंगे।
-
नफरत का आरोप: कथावाचक ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि नफरत करना और मारना केवल मुसलमानों ने सीखा है, हिंदुओं ने नहीं।
स्वरा भास्कर पर भी कस चुके हैं तंज
अनिरुद्धाचार्य का विवादों से पुराना नाता रहा है। हाल ही में उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर को लेकर भी एक तीखी टिप्पणी की थी। फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर सीन पर स्वरा भास्कर द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए अनिरुद्धाचार्य ने कहा था कि जौहर जैसी गहरी बात कोई ‘चरित्रवान व्यक्ति’ ही समझ सकता है, जो चरित्रवान नहीं है, उसके समझ में यह बात नहीं आ सकती।
इस नए वायरल वीडियो के सामने आने के बाद विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से कड़ी प्रतिक्रियाएं आने की संभावना जताई जा रही है। कई यूजर्स इस तरह के बयानों को समाज में नफरत फैलाने वाला बताकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
