अमेरिकी टैरिफ पर बेल्जियम PM का तंज, मोदी की जमकर तारीफ

4826j9vc_belgian-prime-minister-india-visit_625x300_05_September_26
अजमल शाह
अजमल शाह

भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने मुंबई में आयोजित ‘भारत-बेल्जियम उच्चस्तरीय संवाद’ के दौरान वैश्विक व्यापार, भू-राजनीतिक चुनौतियों और कूटनीतिक रिश्तों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। इस दौरान उन्होंने बिना किसी का नाम लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मनमानी टैरिफ नीतियों पर तीखा तंज कसा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के सबसे प्रेरणादायक नेताओं में से एक बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

ट्रंप की व्यापार नीतियों पर साधा निशाना

बढ़ते संरक्षणवाद और वैश्विक व्यापार में आ रहे उतार-चढ़ाव पर चिंता जताते हुए बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने कहा कि आज व्यापारिक बाधाएं बढ़ाई जा रही हैं और बाजार बंद करने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कुछ देश यह पूरी तरह मनमाने तरीके से करते हैं। वे सोमवार को कोई फैसला लेते हैं, बुधवार को उसे रद्द कर देते हैं और शनिवार को फिर लागू कर देते हैं।”

जब उनके इस बयान पर सभागार में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं, तो डी वेवर ने मुस्कुराते हुए कहा, “आपकी तालियों से लगता है कि आप समझ गए हैं कि मैं किसके बारे में बात कर रहा हूँ।” हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर डोनाल्ड ट्रंप का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान को अमेरिकी प्रशासन के लगातार बदलते व्यापारिक रुख के संदर्भ में देखा जा रहा है।

पीएम मोदी को बताया दुनिया का सबसे प्रेरणादायक नेता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए बार्ट डी वेवर ने कहा कि मौजूदा दौर में जब दुनिया भारी अनिश्चितता और तनाव से गुजर रही है, तब मजबूत नेतृत्व की सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने कहा, “हम एक अराजक दुनिया में रह रहे हैं। जब आप कई वैश्विक नेताओं को सुनते हैं तो डर और असुरक्षा महसूस होती है, लेकिन जब प्रधानमंत्री मोदी बोलते हैं तो ऐसा लगता है कि हमें वही करना चाहिए जो वे कह रहे हैं। वह एक बेहद बुद्धिमान और प्रेरणादायक नेता हैं।”

भारत-यूरोप एफटीए को बताया ऐतिहासिक

इस वर्ष संपन्न हुए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की प्रशंसा करते हुए बेल्जियम के पीएम ने इसे “सभी समझौतों की जननी” करार दिया। उन्होंने कहा कि 2 अरब उपभोक्ताओं और दुनिया की एक चौथाई अर्थव्यवस्था वाले इस बाजार से दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध और मजबूत होंगे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस समझौते का समर्थन करते हुए कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच यह समझौता भरोसे की एक मजबूत कड़ी साबित होगा। गौरतलब है कि गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी और बार्ट डी वेवर की द्विपक्षीय बैठक के दौरान भारत और बेल्जियम ने अगले पांच वर्षों में आपसी व्यापार को दोगुना करने का बड़ा लक्ष्य तय किया है।