2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे ‘किंग कोहली’? सामने आई BCCI की बड़ी योजना

virat kohali
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

भारतीय क्रिकेट टीम ने अभी से ही साल 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस मेगा टूर्नामेंट को लेकर जहां कई सीनियर खिलाड़ियों के भविष्य पर चर्चा तेज हो गई है, वहीं भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के फैंस के लिए एक बेहद सुकून देने वाली खबर सामने आई है।

2027 वर्ल्ड कप तक कोहली को बैक करना चाहती है बोर्ड

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और चयनकर्ता विराट कोहली को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक पूरी तरह बैक करने के पक्ष में हैं। बोर्ड के भीतर लगभग हर सदस्य किंग कोहली को इस बड़े टूर्नामेंट में खेलते हुए देखना चाहता है। पिछले कुछ समय से वनडे फॉर्मेट में कोहली का बल्ला लगातार बोल रहा है और उनका अनुभव टीम के लिए बेहद अहम है। मौजूदा समय में विश्व क्रिकेट में उनकी फॉर्म और कद को देखते हुए फिलहाल टीम को उनकी जरूरत बनी हुई है।

साउथ अफ्रीका की पिचों पर शानदार रिकॉर्ड

साल 2008 से टीम इंडिया के लिए मैच विनर की भूमिका निभा रहे विराट कोहली का दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। ऐसे में 2027 के वर्ल्ड कप में उनका अनुभव टीम इंडिया के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकता है। इसके अलावा, उनके संन्यास को लेकर भी यह साफ माना जा रहा है कि वह खुद ही अपने करियर को लेकर अंतिम फैसला लेंगे।

वेस्टइंडीज सीरीज की तैयारी

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद फिलहाल आराम कर रहे विराट कोहली जल्द ही वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में मैदान पर उतरते हुए नजर आएंगे। साल 2026 में उन्हें कुल 8 और वनडे मैच खेलने हैं, जिसमें वह अपनी शानदार लय को बरकरार रख आलोचकों को करारा जवाब देना चाहेंगे। कप्तान शुभमन गिल सहित युवा खिलाड़ी भी मैदान पर कोहली और रोहित शर्मा के अनुभव का पूरा फायदा उठा रहे हैं, जिससे साफ है कि टीम इंडिया को अभी इन दिग्गजों की सख्त जरूरत है।