BCCI मीटिंग में बड़े फैसले: रोहित शर्मा, गंभीर और कप्तानी पर क्या हुआ तय?

rohit sharma
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

हाल ही में टीम इंडिया की लगातार 3 बड़ी सीरीज में हार के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मुंबई में एक अहम समीक्षा बैठक की। इस बैठक में हेड कोच गौतम गंभीर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण, टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल तथा टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने हिस्सा लिया, जबकि चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर अनुपस्थित रहे। बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों ने टीम के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए भविष्य की रणनीति को लेकर पांच बड़े फैसले लिए हैं:

  • रोहित शर्मा के संन्यास पर कोई दबाव नहीं: बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि वरिष्ठ खिलाड़ी रोहित शर्मा पर संन्यास लेने का फिलहाल कोई दबाव नहीं डाला जाएगा। उन्हें टीम से तभी बाहर किया जाएगा, जब उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन खराब रहेगा।

  • फिटनेस के लिए मेडिकल स्टाफ में बढ़ोतरी: टीम इंडिया के खिलाड़ियों की लगातार खराब होती फिटनेस और चोटों की समस्या से बोर्ड चिंतित है। इसके समाधान के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में डॉक्टरों और मेडिकल विशेषज्ञों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

  • वीवीएस लक्ष्मण की भूमिका यथावत: वीवीएस लक्ष्मण आगे भी ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के प्रमुख की जिम्मेदारी ही संभालेंगे। उन्हें तत्काल प्रभाव से ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ बनाने की चर्चाओं पर बोर्ड ने फिलहाल विराम लगा दिया है।

  • गौतम गंभीर का पद सुरक्षित: हालिया सीरीज हार के बावजूद हेड कोच गौतम गंभीर की कुर्सी पर कोई खतरा नहीं है। वे आगामी वनडे वर्ल्ड कप तक टीम इंडिया के मुख्य कोच की भूमिका में बने रहेंगे।

  • अजीत अगरकर को लेकर चर्चाएं तेज: इस अहम समीक्षा बैठक में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का न पहुंचना चर्चा का विषय बन गया है। उनकी गैरमौजूदगी के बाद चयन समिति और उनके भविष्य को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है।