ईरान का आर्थिक संकट गहराया, व्यापार 35% डाउन; महंगाई 66%

तेहरान/वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध को छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन शांति वार्ता किसी ठोस नतीजे पर पहुंचती नहीं दिख रही है। इस बीच, ट्रंप प्रशासन ने ईरान को आर्थिक रूप से पंगु बनाने के लिए अपनी रणनीतियां तेज कर दी हैं, जिसे अमेरिका ने ‘इकोनॉमिक D-डे’ (Economic D-Day) का नाम दिया है। अमेरिकी प्रतिबंधों और नौसैनिक नाकेबंदी की वजह से ईरान का विदेशी व्यापार 35 प्रतिशत तक घट गया है, जबकि देश में सालाना महंगाई दर 66 प्रतिशत के खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है।
सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई का कड़ा निर्देश
अर्थव्यवस्था पर गहराते संकट के मद्देनजर ईरान के सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई ने सरकार को इन गंभीर चुनौतियों से तत्काल निपटने का निर्देश दिया है। खामेनेई के कार्यालय से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सरकार को महंगाई, बेरोजगारी, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों के प्रबंधन और बाजार में सेवाओं व सामानों की उपलब्धता जैसी रोजी-रोटी से जुड़ी चुनौतियों से बेहद गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर निपटना होगा।
विदेशी व्यापार 35% घटा: राष्ट्रपति पेजेश्कियान
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सरकारी मीडिया से बातचीत में देश के आर्थिक हालात की जमीनी हकीकत रखी। उन्होंने बताया कि अमेरिकी प्रतिबंधों और ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी के कारण देश के आयात और निर्यात दोनों में लगभग 35% की भारी गिरावट दर्ज की गई है।
राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने यह भी जानकारी दी कि जून महीने में अमेरिका और ईरान के बीच हुए एक अल्पकालिक समझौते के दौरान ईरान करीब 90 मिलियन बैरल तेल बेचने में सफल रहा था, जिसमें वॉशिंगटन ने तेल निर्यात की अस्थायी अनुमति दी थी।
‘बैंक मिस्र’ और अन्य कंपनियों पर नए अमेरिकी प्रतिबंध
ट्रंप प्रशासन ने तेहरान के साथ व्यापारिक संबंध रखने वाले वैश्विक वित्तीय संस्थानों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है:
-
बैंक मिस्र पर कार्रवाई: अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने ईरान के साथ कारोबार करने को लेकर मिस्र के प्रमुख बैंक ‘बैंक मिस्र’ (Banque Misr) पर नए प्रतिबंध लगाए हैं।
-
डॉलर लेनदेन पर रोक की तैयारी: एक नया नियम प्रस्तावित किया गया है, जिसके तहत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मौजूद बैंक मिस्र की शाखाएं अमेरिकी डॉलर में किसी भी तरह का लेन-देन नहीं कर सकेंगी। इस मसले पर मिस्र का सेंट्रल बैंक अमेरिकी अधिकारियों के साथ संपर्क में है।
-
हांगकांग और ईरानी नेटवर्क पर बैन: अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने अलग से एक नोटिस जारी कर हांगकांग की एक कंपनी और ईरान के ‘बैंक मेली’ से जुड़े एक व्यक्ति पर भी कड़े वित्तीय प्रतिबंध लगाए हैं।
कतर के प्रधानमंत्री का तेहरान दौरा
क्षेत्र में बढ़ते तनाव और आर्थिक नाकेबंदी के बीच कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी ने तेहरान पहुंचकर ईरानी नेताओं के साथ अहम बैठक की। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही को युद्ध-पूर्व स्थिति में बहाल करने पर जोर दिया, जिससे वैश्विक व्यापार और समुद्री मार्गों पर बढ़ता दबाव कम हो सके।
